राहुल गांधी की अयोग्यता से विपक्ष को 100 से ज्यादा सीटों का होगा लाभ, शत्रुघ्न सिन्हा ने सरकार पर कसा तंज
तृणमूल कांग्रेस के नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का समर्थन किया है। बता दें कि राहुल गांधी की संसद सदस्यता छिन गई है। तृणमूल कांग्रेस नेता ने कहा कि राजनीतिक रूप से इससे बहुत लाभ होगा।
नई दिल्ली, एएनआई। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की संसद सदस्यता छिनने पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने रविवार को केंद्र सकार पर तंज कसते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा विपक्षी दलों को गोला-बारूद प्रदान करेगा।
''विनाश काले विपरीत बुद्धि''
समाचार एजेंसी के साथ बातचीत में शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि ठीक है, एक ओर तो उन्होंने जो किया है वह विनाश काले विपरीत बुद्धि का उदाहरण प्रतीत होता है, लेकिन दूसरी ओर राजनीतिक रूप से इससे बहुत लाभ होगा। इसने विपक्ष को एक ऐसा हथियार दिया है, जो न केवल लोकतंत्र की रक्षा करेगा, बल्कि राहुल गांधी और विपक्ष को अतिरिक्त 100 सीटें दिलाने में मदद भी करेगा। साथ ही उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद कहा।
''जर्नी ऑफ थाउजेंड माइल्स बिगेन विद सिंगल स्टेप''
शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि राहुल गांधी की अयोग्यता ने विपक्षी दलों को एक साथ खड़ा कर दिया। देखिए, यह एक शानदार शुरुआत है। चीनी में एक कहावत है ''जर्नी ऑफ थाउजेंड माइल्स बिगेन विद सिंगल स्टेप''। यह एक महान राजनीतिक कदम है, क्योंकि इसने विपक्षी दलों को एक साथ ला दिया है।
इसी बीच उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर आज देश की सबसे लोकप्रिय हस्ती ममता बनर्जी और हमारे मित्र अरविंद केजरीवाल लोकतंत्र के समर्थन में आगे आई हैं।
राहुल गांधी को मानहानि मामले में हुई थी सजा
उल्लेखनीय है कि गुजरात की सूरत कोर्ट ने 'मोदी' सरनेम को लेकर की गई टिप्पणी के संबंध में 2019 में दायर मानहानि मामले में राहुल गांधी को दो साल कैद की सजा सुनाई थी। इसी मामले के चलते राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता छिन गई और वायनाड की लोकसभा सीट खाली हो गई।
इस मामले को ममता बनर्जी ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि भाजपा विपक्ष के नेताओं को मुख्य तौर पर लक्ष्य बना रही है।