राहुल गांधी ने फिर दी प्रधानमंत्री मोदी को राफेल पर बहस की चुनौती
भाजपा शासित राज्यों में छोटी बच्चियों के साथ दुष्कर्म की घटनाओं, कृषि कर्ज माफी और जीएसटी पर भी कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधा।
बीदर (कर्नाटक) [प्रेट्र]। राफेल सौदे में कथित भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर हमला जारी रखा है। कांग्रेस अध्यक्ष ने सोमवार को बहस की चुनौती देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री उनके किसी सवाल का एक सेकेंड के लिए जवाब देने में समर्थ नहीं हैं। भाजपा शासित राज्यों में छोटी बच्चियों के साथ दुष्कर्म की घटनाओं, कृषि कर्ज माफी और जीएसटी पर भी कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधा।
कांग्रेस की ओर से 'जन ध्वनि' नाम से आयोजित रैली को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा, 'आप जैसा चाहते हैं वैसी एक बहस होनी चाहिए। नरेंद्र मोदी मेरे किसी सवाल का एक सेकेंड के लिए भी उत्तर देने में समर्थ नहीं हैं। इसका कारण यह है कि नरेंद्र मोदी ने भारत से चुराया है। नरेंद्र मोदी अपने मित्र अनिल अंबानी का समर्थन कर रहे हैं। अंबानी की कंपनी को विमान बनाने का कोई अनुभव नहीं है। ठेके पर हस्ताक्षर से 10 दिनों पहले कंपनी बनाई गई थी।'
लड़ाकू विमान सौदे को लेकर राजनीतिक आलोचना के केंद्र में आए अंबानी समूह ने एक दिन पहले रविवार को कहा था कि उसने रक्षा मंत्रालय से कोई ठेका नहीं लिया है। समूह ने सभी आरोपों को लोगों को गुमराह करने वाला निराधार और झूठा करार दिया।
सत्ता मिली तो जीएसटी खत्म करेंगे
वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) को गब्बर सिंह कह चुके कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि यदि उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो वह एक कर लागू करेगी और नए परोक्ष कर के पांच स्लैब को खत्म करेगी। उन्होंने कहा, 'अगले आम चुनाव के बाद जैसे ही केंद्र में सत्ता में लौटेगी, वैसे ही हम एक कर लाएंगे और गब्बर सिंह कर के पांच स्लैब हटा देंगे।'