राफेल पर जंग: 70 शहरों से BJP का पलटवार, रक्षामंत्री बोलीं- कैग को बता चुके हैं विमान की कीमत
rafale deal, राफेल विमान सौदे पर भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोला। रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, कैग को राफेल की कीमत बता चुके हैं।
नई दिल्ली, एएनआइ। Rafale Deal, राफेल विमान सौदे पर कांग्रेस के आरोपों के खिलाफ अब भाजपा ने मोर्चा खोल दिया है। भाजपा ने देश के 70 प्रमुख स्थानों पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने का फैसला लिया है। भाजपा, कांग्रेस पर राफेल पर झूठ फैलाने व देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगा रही है।
कैग को बता चुके हैं विमान की कीमत
जहां दादर मुंबई में रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोलती नजर आईं। राफेल पर पीएसी को रिपोर्ट नहीं दिखाने के कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए सीतारमण ने कहा कि सही प्रक्रिया का पालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा, 'हमने कैग को राफेल की कीमत बता दी है, संसदीय सिस्टम में रिपोर्ट को कैग देखता है, फिर यह पीएसी को भेजी जाती है। पीएसी के देखने के बाद यह रिपोर्ट सार्वजनिक हो जाएगी। यही प्रकिया है, इसका पालन किया गया है।' वहीं, हलफनामे में गड़बड़ी की बात का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, 'हलफनामे में हमने डेटा और जानकारी दी है। हमें लगता है कि समझने में कोई समस्या हुई है, हम चाहते हैं कि आप (अदालत) इसे देखें और इसे सही करें, यह अदालत को हमारी अपील है।'
बता दें कि राफेल पर कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों के आरोपों के बीच सुप्रीम कोर्ट के फैसले ने भाजपा को पलटवार का मौका दे दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने राफेल पर अंतिम फैसला सुनाते हुए विमान खरीद की प्रक्रिया में किसी भी गड़बड़ी से इन्कार किया था। जिसके बाद भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा संभालते हुए 70 जगहों पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने का फैसला लिया। इस अभियान में कई केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी पदाधिकारी शामिल है। इसी अभियान के तहत दादर मुंबई में सोमवार को रक्षा मंत्री ने कांग्रेस का घेराव करते हुए उसपर राफेल मामले में झूठ फैलाने का आरोप लगाया।
भाजपा का कहना है कि कांग्रेस के झूठ और उसकी असली चेहरे को जनता के सामने उजागर किया जाएगा। गौरतलब है कि राफेल मामले पर सुप्रीम कोर्ट से क्लीन चिट मिलने के बाद भाजपा हमलावर हो चुकी है।