प्रियंका ने कहा- चिन्मयानंद को बचा रही योगी सरकार, दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज नहीं किया गया
प्रियंका ने ट्वीट करते हुए कहा कि मात्र एक साल पहले शाहजहांपुर के कई प्रशासनिक अधिकारी चिन्मयानंद की आरती उतारते दिखे। मामला अखबारों में उछला।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने छात्रा के यौन उत्पीड़न के आरोपी स्वामी चिन्मयानंद के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज नहीं करने को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार को कठघरे में खड़ा किया है। प्रियंका ने कहा है कि प्रदेश सरकार के अधिकारी चिन्मयानंद को बचा ही नहीं रहे बल्कि उनकी आरती उतारते रहे हैं और इसीलिए उनके खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
चिन्मयानंद पर गंभीर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली शाहजहांपुर की छात्रा को फिरौती के मुकदमे में जेल भेजे जाने का विरोध कर रही कांग्रेस महासचिव इस मामले को लेकर लगातार आवाज उठा रही हैं।
रविवार को प्रियंका ने ट्वीट करते हुए कहा कि मात्र एक साल पहले शाहजहांपुर के कई प्रशासनिक अधिकारी चिन्मयानंद की आरती उतारते दिखे। मामला अखबारों में उछला। दुष्कर्म पीडि़ता द्वारा पूरी आपबीती कहने के बावजूद बलात्कार का मुकदमा दर्ज नहीं हुआ, कैसे होता? जब पूरा महकमा गले लगाकर उनका बचाव कर रहा था।
यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली छात्रा की गिरफ्तारी को हैरतअंगेज बताते हुए कांग्रेस पहले ही प्रदेश शासन की मशीनरी पर सच को कुचलने का आरोप लगा चुकी है। वहीं प्रियंका गांधी वाड्रा ने दो दिन पहले भी उन्नाव दुष्कर्म केस और शाहजहांपुर दुष्कर्म केस में पीडि़त परिवारों को निशाना बनाए जाने के समान पैटर्न की बात उठाते हुए शासन पर सवाल उठाए थे।