फरवरी के पहले हफ्ते में प्रियंका गांधी संभालेंगी नई जिम्मेदारी
कांग्रेस पार्टी के भीतर प्रियंका गांधी के सक्रिय राजनीति में उतरने के फैसले को फिलहाल बड़े मास्टर स्ट्रोक के रुप में देखा जा रहा है।
नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। प्रियंका गांधी वाड्रा को कांग्रेस पार्टी ने महासचिव की जिम्मेदारी देकर भले ही सक्रिय राजनीति में उनके प्रवेश की घोषणा कर दी है, लेकिन मैदान में उनकी सक्रियता को देखने के लिए अभी कुछ इंतजार करना होगा। संभवत: वह अपनी इस नई जिम्मेदारी को फरवरी से पहले हफ्ते में संभालेगी। फिलहाल अभी वह बेटे रेहान के ईलाज के सिलसिले में विदेश में है। जहां से लौटने के बाद वह पार्टी की नई जिम्मेदारी को तुरंत संभालेगी।
कांग्रेस पार्टी ने फिलहाल उन्हें उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्से की जिम्मेदारी दी है, जोकि कांग्रेस का पुराना गढ़ रहा है। खासकर रायबरेली, अमेठी, प्रयागराज (इलाहाबाद) और फूलपुर के इलाके उनके हिस्से में ही रहेंगे। जहां कांग्रेस पार्टी और नेहरु-गांधी परिवार से जुड़ी तमाम यादें मौजूद है। कांग्रेस पार्टी से जुड़े वरिष्ठ नेताओं की मानें तो पार्टी के भीतर लंबे समय से प्रियंका गांधी को सक्रिय राजनीति में लाने की मांग हो रही थी, लेकिन प्रियंका गांधी की ओर से ही इसे लेकर मना किया जाता रहा है, क्योंकि वह बच्चों की पढ़ाई और उनके स्वास्थ्य को लेकर व्यस्त थी। ऐसे में सक्रिय राजनीति में कदम रखने से पहले वह इन सारी निजी जिम्मेदारी को पूरा करना चाहती थी।
यही वजह है कि पार्टी के भीतर उन्हें उतारने को लेकर होने वाले निर्णय लगातार टलते रहे है। लेकिन हाल ही में तीन राज्यों में पार्टी की जीत और 2019 के चुनाव को लेकर जिस तरीके से कांग्रेस अध्यक्ष और भाई राहुल गांधी पूरी ताकत से जुटे है, ऐसे में वह पार्टी को ताकत देने के लिए खुलकर मैदान में उतरने के लिए तैयार हो गई। कांग्रेस पार्टी के भीतर प्रियंका गांधी के सक्रिय राजनीति में उतरने के फैसले को फिलहाल बड़े मास्टर स्ट्रोक के रुप में देखा जा रहा है।