प्रियंका गांधी की सुरक्षा में चूक, जानें- कांग्रेस महासचिव संग सेल्फी लेने वाले परिवार ने क्या कहा
हाल ही में कुछ अज्ञात लोगों ने प्रियंका गांधी के घर में प्रवेश किया था। ये लोग बिना पूर्व नियुक्ति के वहां पहुंचे थे इन्होंने सेल्फी लेने के लिए भी कहा था।
नई दिल्ली, एएनआइ। हाल ही में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के घर पर सुरक्षा में बड़ी चूक हुई थी। कुछ अज्ञात लोगों ने प्रियंका गांधी के घर में प्रवेश किया था। ये लोग बिना पूर्व नियुक्ति के वहां पहुंचे, इन्होंने सेल्फी लेने के लिए भी कहा था। सुरक्षा में सेंध लगाते हुए काली सफारी गाड़ी में मेरठ की कांग्रेस नेता शारदा त्यागी मौजूद थीं। उन्होंने कहा कि मुझे प्रियंका गांधी वाड्रा का मकान नंबर नहीं पता था और कांग्रेस कार्यालय में फोन करके इसके बारे में पूछा। जब मैं वहां गई तो (सुरक्षा) ने यह देखने की भी परवाह नहीं की कि कार में कौन बैठा है। काली गाड़ी देखते ही बैरिकेड को तुरंत हटा दिया गया और गेट खोल दिया गया।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मैं कांग्रेस में पैदा हुई और मैं पार्टी के लिए पूरी तरह से समर्पित हूं। मुझे यह जानकर गहरा दुख हुआ कि प्रियंका गांधी की सुरक्षा होमगार्डों पर छोड़ दी गई है। मैं पहली बार वहां गई और यह सब देखा।
बेटी का उपचार कराने गई थीं एम्स
शारदा त्यागी ने बताया कि वह अपनी बेटी का उपचार कराने एम्स गई थीं। उनके साथ कार चालक, उनकी बेटी, बेटी के दो बच्चे एवं बेटी की ननद थी। बताया कि उनका बेटा शेखर त्यागी एमएलसी स्नातक चुनाव की तैयारी कर रहा है। इसी सिलसिले में वह प्रियंका गांधी से मिलने उनके आवास पर गई थीं।
SPG संशोधन बिल के दौरान मंगलवार को राज्यसभा में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के घर पर सुरक्षा चूक का मामला गरमाया रहा। सदन में गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि 26 नवंबर को आखिरकार प्रियंका वाड्रा के घर पर क्या हुआ था।
कांग्रेस परिवार की सुरक्षा में चूक पर शाह ने राज्यसभा में दिया जवाब
सदन में अमित शाह ने घटना का जिक्र करते हुए कहा कि प्रियंका के घर जो सुरक्षा है, इसमें राहुल गांधी, रॉबर्ट वाड्रा सुरक्षा जांच के बिना अंदर आते हैं। प्रियंका के घर पर परिवार के लोगों की जांच नहीं होती। सुरक्षाकर्मियों के पास एक सूचना आई कि राहुल गांधी एक काली सफारी में आने वाले हैं। ठीक उसी समय एक काली सफारी गाड़ी आई और उसमें मेरठ की कांग्रेस नेता शारदा त्यागी मौजूद थीं।
गृह मंत्री ने बताया कि चूंकि समय भी वही था। यह महज इत्तेफाक था। इसलिए शारदा त्यागी बिना सिक्यॉरिटी जांच के अंदर चली गईं। इसके बावजूद हमने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच का आदेश दिया गया है और मामले में संबंधित तीन अधिकारियों को निलंबित भी किया गया है।
गौरतलब है कि कांग्रेस महासचिव की सुरक्षा में सेंध लगाने वाली कार मेरठ के खरखौदा की पूर्व चेयरपर्सन व खरखौदा निवासी शारदा त्यागी के बेटे शेखर त्यागी की है। शेखर त्यागी कांग्रेस में हैं। शेखर त्यागी ने हाल ही में कांग्रेस के एमएलसी स्नातक का प्रत्याशी होने का दावा किया हुआ है