Unnao Case मामले में प्रियंका गांधी लगातार रहीं सक्रिय, MLA को निकालने पर कसा तंज
उत्तर प्रदेश के उन्नाव दुष्कर्म और एक्सीडेंट मामले में दिए गए सुप्रीम कोर्ट के आदेश और विधायक को पार्टी से निकालने के मामले को कांग्रेस अपनी कामयाबी मान रही है।
नई दिल्ली, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के उन्नाव दुष्कर्म और एक्सीडेंट मामले में दिए गए सुप्रीम कोर्ट के आदेश और विधायक को पार्टी से निकालने के मामले को कांग्रेस अपनी कामयाबी मान रही है। कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट कर कहा है कि ' उन्नाव बलात्कार मामला व पीड़िता के पूरे परिवार को प्रताड़ित करना सत्ता के सरंक्षण के बिना सम्भव नहीं। अब परतें खुल रही हैं व भाजपा नेताओं के नाम और पुलिस की लीपापोती सामने आ रही है। कांग्रेस न्याय के लिए प्रतिबद्ध है। ये लड़ाई हम मज़बूती से लड़ेंगे।' रविवार को हुए हादसे के बाद प्रियंका गांधी ने लगातार मोर्चा खोला हुआ है।
एक और ट्वीट में उन्होंने कहा कि ' यूपी में ’जंगल राज’ को संज्ञान लेने के लिए SC की आभारी हूं। इस बीच, भाजपा आखिरकार एक अपराधी को सशक्त बनाने की बात स्वीकार करती है और खुद को सही ठहराने के लिए कुछ कदम उठाती है और एक युवा महिला न्याय की दिशा में आगे बढ़े, जिसे असीम रूप से नुकसान हुआ है।'
घटना के बाद एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने पिछले मंगलवार को पूरे प्रदेश में सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन किया और धरना दिया। लंबे समय से उत्तर प्रदेश में कमजोर हो चुकी कांग्रेस अब फुर्तीली नजर आ रही है। इसके लिए प्रियंका गांधी वाड्रा विशेष रूप से सक्रिय नजर आ रही हैं। सोनभद्र के बाद उन्नाव के माखी कांड पर अप्रत्याशित ढंग से 'फ्रंटफुट' पर आई कांग्रेस यहीं से आगे का सफर शुरू करने के इरादे से है।
इससे पहले एक और ट्वीट में उन्होंने कहा था कि ‘बलात्कार पीड़िता के साथ सड़क दुर्घटना का हादसा चौंकाने वाला है। इस केस में चल रही CBI जांच कहां तक पहुंची? आरोपी विधायक अभी तक भाजपा में क्यों हैं? पीड़िता और गवाहों की सुरक्षा में ढिलाई क्यों? इन सवालों के जवाब बिना क्या भाजपा सरकार से न्याय की कोई उम्मीद की जा सकती है?’ हादसे पर चकित प्रियंका ने कहा कि सत्तारूढ़ भाजपा से न्याय की उम्मीद करें या नहीं क्योंकि पार्टी का विधायक कुलदीप सेंगर मामले में दोषी है।
उन्नाव के माखी के चर्चित दुष्कर्म मामले की पीड़िता की कार पिछले रविवार को रायबरेली में एक ट्रक से टकरा गई। इस सड़क हादसे में भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली पीड़िता की चाची की मौके पर ही मौत हो गई। पीड़िता समेत तीन लोग जख्मी हो गए, जिन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया, जहां एक और महिला की मौत हो गई है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप