राहुल के घर बैठक से पहले दिव्यांग दोस्त से मिलने झुग्गी बस्ती पहुंचीं प्रियंका गांधी
महीने में एक बार प्रियंका गांधी आती हैं और झुग्गी में रहने वाले दिव्यांग आशीष से मिलती हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। कांग्रेस की नवनियुक्त महासचिव प्रियंका गांधी का एक दिव्यांग दोस्त भी है। इसका पता तब चला जब उत्तर प्रदेश के मुद्दे को लेकर राहुल गांधी के घर होने वाली बैठक में वह पीछे झुग्गियों से होकर पिछले दरवाजे से बैठक में दाखिल हुई। पहले तो लगा कि वह मीडिया से बचना चाहती हैं, लेकिन तफ्तीश पर पता चला कि महीने में एक बार इसी रास्ते से आती हैं और झुग्गी में रहने वाले दिव्यांग आशीष से मिलती हैं और आज भी उसी से ही मिलकर आई हैं।
राहुल के यहां आने से पहले आशीष से मिलती हैं प्रियंका
आशीष विकलांग हैं। जब वह 22 दिन के थे, तभी उनको लकवा मार गया। पिता सुभाष यादव पत्तों का छोटा-मोटा काम करते हैं। जब से प्रियंका को आशीष के बारे में पता चला तो महीने में एक बार वह आशीष से मिलने आने लगीं। जब राहुल के यहां आती हैं तो पहले जाकर आशीष से मिलती हैं। आशीष ठीक से बोल नहीं पाते हैं, लेकिन खुश होकर जैसे-तैसे उन्होंने बताया कि प्रियंका आई थीं, वो मुझे दोस्त कहकर पुकारती हैं।
आशीष को एनजीओ से जोड़ा
आशीष के पिता ने बताया कि प्रियंका ने आशीष को एक एनजीओ से जोड़ा है, जहां उसकी पढ़ाई-लिखाई और समझ बेहतर करने का काम होता है। बहन ने बताया कि प्रियंका ने आशीष को कई डॉक्टरों को भी दिखाया है। मुलाकात के दौरान प्रियंका ने आशीष से पूछा कि जन्मदिन पर मेरे घर इस बार क्यों नहीं आए, इस पर आशीष के पिता ने बताया कि आप उस समय थीं नहीं। प्रियंका ने त्योहारों में भी आशीष को आने का न्योता दिया। प्रियंका ने आशीष को विकलांगों वाली गाड़ी दिलाने का भी वादा किया है।