Move to Jagran APP

पीएम नरेंद्र मोदी तीन अफ्रीकी देशों की पांच दिवसीय यात्रा पर हुए रवाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन अफ्रीकी देशों (रवांडा, युगांडा और दक्षिण अफ्रीका) की यात्रा पर आज रवाना हो गए हैं। जानिए क्यों खास है पीएम का यह दौरा।

By Nancy BajpaiEdited By: Published: Mon, 23 Jul 2018 07:54 AM (IST)Updated: Mon, 23 Jul 2018 02:18 PM (IST)
पीएम नरेंद्र मोदी तीन अफ्रीकी देशों की पांच दिवसीय यात्रा पर हुए रवाना
पीएम नरेंद्र मोदी तीन अफ्रीकी देशों की पांच दिवसीय यात्रा पर हुए रवाना

नई दिल्ली (एएनआइ)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से तीन अफ्रीकी देशों के पांच दिवसीय दौरे पर रवाना हो गए हैं।। ये तीन देश रवांडा, युगांडा और दक्षिण अफ्रीका हैं। दक्षिण अफ्रीका की यात्रा के दौरान वह ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेंगे, जिसमें अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा समेत कई वैश्विक महत्व के मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

loksabha election banner

विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, 'रवांडा, युगांडा और दक्षिण अफ्रीका के दौरे से अफ्रीका महाद्वीप के साथ हमारा संबंध और मजबूत होगा।  पिछले कुछ वर्षों में अफ्रीकी देशों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण समझौते हुए हैं। पिछले चार साल में हमारे देश के राष्ट्रपति, उप राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री अफ्रीका के 23 दौरे कर चुके हैं।' मंत्रालय ने बयान में कहा, 'भारत की विदेश नीति में अफ्रीका को शीर्ष प्राथमिकता दी गई है।'

रक्षा-कृषि क्षेत्र होगी प्राथमिकता

कहा जा रहा है कि रवांडा और युगांडा के दौरे के दौरान रक्षा और कृषि क्षेत्र में सहयोग प्रधानमंत्री की प्राथमिकता होगी। इसके बाद वह ब्रिक्स (ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका) के सालाना शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने दक्षिण अफ्रीका जाएंगे। बता दें कि मोदी का यह दूसरा अफ्रीका दौरा होगा। इससे पहले वह 2016 में मोजाम्बिक, दक्षिण अफ्रीका, तंजानिया और केन्या के दौरे पर गए थे।

किसी भारतीय प्रधानमंत्री का पहला रवांडा दौरा

प्रधानमंत्री मोदी सबसे पहले रवांडा (23 जुलाई) जाएंगे। ये पहली बार होगा जब कोई भारतीय प्रधानमंत्री रवांडा जाएंगे। भारत ने रवांडा के साथ अपने रिश्तों को मजबूत किया है। इसे पूर्वी अफ्रीका के प्रवेश-द्वार के रूप में देखा जा रहा है और इसी के मद्देनजर पिछले साल जनवरी में भारत ने रवांडा के साथ रणनीतिक साझेदारी की। भारत ने रवांडा को 40 करोड़ डॉलर का कर्ज दिया है और वहां भारत की ओर से प्रशिक्षण छात्रवृति कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। मोदी की इस यात्रा के दौरान भी कई महत्वपूर्ण करार होने की उम्मीद जताई जा रही है।

पहली बार युगांडा की संसद को संबोधित करेंगे भारतीय प्रधानमंत्री

अपनी युगांडा यात्रा के दौरान पीएम मोदी युगांडा के राष्ट्रपति योवेई मुसेवेनी से मुलाकात करेंगे और प्रतिनिधि स्तरीय वार्ता के बाद भारत और युगांडा के संयुक्त व्यापार कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। भारत के प्रधानमंत्री पहली बार युगांडा की संसद को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री युगांडा में भारतीय समुदाय के सदस्यों को भी संबोधित करेंगे।

दौरे का आखिरी पड़ाव होगा दक्षिण अफ्रीका

मोदी 25 जुलाई को युगांडा से अपनी यात्रा के आखिरी पड़ाव दक्षिण अफ्रीका पहुंचेंगे। यहां वे ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। साथ ही, पीएम मोदी फरवरी में दक्षिण अफ्रीका की सत्ता संभालने वाले राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे। बता दें कि दक्षिण अफ्रीका में ब्रिक्स नेताओं का 10वां शिखर सम्मेलन हो रहा है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.