लोहड़ी पर्व आज: राष्ट्रपति कोविंद ने दो भाषाओं में ट्वीट कर दी शुभकामनाएं
देश के नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने हिंदी और पंजाबी भाषा में अलग-अलग ट्वीट किए हैं।
नई दिल्ली, एएनआइ। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद (President Ramnath Kovind), गृह मंत्री अमित शाह (Home Minister Amit Shah) और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Defence Minister Rajnath Singh) ने सोमवार को देश के नागरिकों को लोहड़ी (Lohri) पर शुभकामनाएं दी हैं। इस मौके पर राष्ट्रपति कोविंद ने सभी के जीवन में समृद्धि और खुशहाली की कामना की। राष्ट्रपति ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘लोहड़ी पर देश के लोगों को शुभकामनाएं और बधाईयां। यह त्योहार सभी के जीवन में खुशियों के साथ अच्छा स्वास्थ्य और समृद्धि लाए।’
गृह मंत्री अमित शाह ने भी ट्वीट के जरिए लोहड़ी पर्व की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने ट्वीट किया- ‘लोहड़ी दी लख-लख बधाइयां।’ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी पर्व की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, ‘सभी को लोहड़ी की शुभकामनाएं। यह त्योहार आपके जीवन में खुशियां लाए।’
पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने भी लोहड़ी के मौके पर सभी को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने ट्वीट किया, ‘लोहड़ी के पावन अवसर पर सभी लोगों को शुभकामनाएं, मैं प्रार्थना करता हूं कि यह त्योहार आपके और आपके परिजनों की जिंदगी में खुशियां लाएं।’ उन्होंने अपने बधाई संदेश में एक वीडियो भी पोस्ट किया है। इसमें उन्होंने कहा, ‘ पंजाब के बड़े त्योहारों में से एक यह त्योहार है और सभी इसे पूरे उत्साह के साथ मनाते हैं।’
राष्ट्रपति ने हिंदी और पंजाबी भाषा के अलग-अलग ट्वीट किए और लोहड़ी पर्व की शुभकामनाएं भी दीं। लोहड़ी उत्तर भारत का त्योहार है जो फसल की बुआई और उसकी कटाई से जुड़ा हुआ है। बोनफायर और लोक गीत समारोह का एक प्रमुख हिस्सा हैं।
इस मौके पर लोग अलाव के चारों ओर परिक्रमा करते हुए आग में तिल और मूंगफली डालते हैं। इसके बाद प्रसाद का वितरण किया जाता है।