अस्पताल में भर्ती कराए गए पूर्व मंत्री और पोंजी स्कैम के आरोपी आर रोशन बेग, सीने में दर्द से थे परेशान
बेग को जल्दबाजी में जयदेव अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं अस्पताल की तरफ से बताया गया है कि बैग की एंजियोग्राफी की गई। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद पूर्व मंत्री को वापस सीबीआइ की कस्टडी में भेज दिया जाएगा।
बेंगलुरु, पीटीआइ। पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता आर रोशन बेग (R Roshan Baig) को सीने में दर्द और बेचैनी की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती किया गया है। वो इन दिनों पोंजी स्कैम (Ponzi Scam) के चलते सीबीआइ (CBI) की कस्टडी में हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक बेग को जल्दबाजी में जयदेव अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं, अस्पताल की तरफ से बताया गया है कि बैग की एंजियोग्राफी की गई। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद पूर्व मंत्री को वापस सीबीआइ की कस्टडी में भेज दिया जाएगा।
गौरतलब है कि बेग को 22 नवंबर को पोंजी योजना के संबंध में एक दिन की पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया था। इस घोटाल में एक लाख से अधिक लोगों को 4,000 करोड़ रुपये का चूना लगाने की बात सामने आई थी। यह घोटाला जून 2019 में सामने आया जब पोंजी योजना के संचालक मोहम्मद मंसूर खान देश छोड़कर भाग गया था। उसने कुछ सरकारी अधिकारियों और बेग पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। उनका आरोप था कि बेग ने उनसे 400 करोड़ रुपये लिए थे, हालांकि बाद में यह आरोप खारिज कर दिया गया था। राज्य में भाजपा की सरकार आने के बाद, सरकार ने मामले को सीबीआई को सौंप दिया। इस मामले में अब तक 25 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
बता दें कि इस घोटाले में कई राजनेता और वरिष्ठ अधिकारियों के नाम सामने आ चुके हैं। मामले की जांच के लिए एसआइटी टीम गठित की गई थी। राज्य सरकार की तरफ से बनाई गइ यह एसआइटी टीम मामले की जांच के दौरान पूर्व में कई सरकारी अधिकारियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इतना ही नहीं कई नेताओं से भी इस मामले में पूछताछ की जा चुकी है। इस घोटाले का मुख्य आरोपी मोहम्मद मंसूर खान है जिसके खिलाफ कई रिपोर्टें दर्ज हैं।