राजस्थान की दो विधानसभा सीटों पर चुनाव प्रचार समाप्त, मतदान 21 अक्टूबर को होगा
कांग्रेस और भाजपा दोनों ही पार्टियों ने स्टार प्रचारकों की लंबी सूची जारी की थी लेकिन इनमें से अधिकांश बड़े नेता चुनाव प्रचार के लिए नहीं आए।
जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान की दो विधानसभा सीटों मंडावा और खींवसर पर सोमवार को होने वाले मतदान के लिए शनिवार शाम चुनाव प्रचार समाप्त हो गया । अब प्रत्याशी और उनके समर्थक घर-घर जनसंपर्क में जुटे है। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन शनिवार को कांग्रेस और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने सभाओं को संबोधित किया। कांग्रेस दोनों सीटों पर चुनाव लड़ रही है। वहीं भाजपा मंडावा सीट पर चुनाव लड़ रही है। भाजपा ने खींवसर सीट एनडीए में अपने सहयोग हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के लिए छोड़ी है। खींवसर से हनुमान बेनीवाल के भाई नारायण बेनीवाल चुनाव लड़ रहे है।
बड़े नेता चुनाव प्रचार के लिए नहीं आए
कांग्रेस और भाजपा दोनों ही पार्टियों ने स्टार प्रचारकों की लंबी सूची जारी की थी, लेकिन इनमें से अधिकांश बड़े नेता चुनाव प्रचार के लिए नहीं आए। कांग्रेस की तरफ से पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी सहित करीब तीन दर्जन नेताओं को स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया गया था। लेकिन मुख्य रूप से सीएम अशोक गहलोत और डिप्टी सीएम सचिन पायलट ही चुनाव प्रचार में सक्रिय रहे।
गहलोत सरकार के एक दर्जन मंत्री, बीस से अधिक विधायक एवं कई नेताओं को दोनों विधानसभा क्षेत्रों में तैनात कर रखा है। वहीं भाजपा में चुनाव अभियान के दौरान केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत,अर्जुन राम मेघवाल,प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरूण चतुर्वेदी सहित दो दर्जन नेता जुटे हुए हैं। मंडावा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी सुशीला सिंगड़ा के समर्थन में सांसद हेमामालिनी ने शुक्रवार को सभा को संबोधित किया था।
चुनाव आयोग ने उप चुनाव के लिए पूरी की तैयारी
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी आनंद कुमार ने बताया कि राज्य में मंडावा एवं खींवसर में विधानसभा के उप चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है।
21 अक्टूबर को मतदान और 24 अक्टूबर को मतगणना
दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान 21 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। 24 अक्टूबर को मतगणना होगी।
मंडावा विधान सभा क्षेत्र में 2,27,414 मतदाता
आनंद कुमार ने बताया कि मंडावा विधान सभा क्षेत्र में कुल 2,27,414 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। इनमें से 1,17,742 पुरुष और 1,09,672 महिला मतदाता शामिल है। इस विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 2970 सेवा नियोजित मतदाता भी हैं, जिन्हें इलेक्ट्रोनिकली मतपत्र पूर्व में ही भेज दिए गए हैं। मंडावा में कुल 259 मतदान केन्द्र हैं। इनमें से 60 क्रिटिकल मतदान केंद्र है।
खींवसर विधान सभा क्षेत्र में 2,50,155 मतदाता
खींवसर विधान सभा क्षेत्र में कुल 2,50,155 मतदाताओं द्वारा अपने मताधिकार का प्रयोग किया सकेगा। इनमें से 1,30,908 पुरुष और 1,19,247 महिला मतदाता शामिल है। इस क्षेत्र में 608 सेवा नियोजित मतदाता हैं, जिन्हें इलेक्ट्रोनिकली मतपत्र पूर्व में ही भेज दिए गए हैं। खींवसर में कुल 266 मतदान केन्द्र हैं। इनमें से 121 क्रिटिकल मतदान केंद्र है। दोनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में 8-8 केन्द्रीय सुरक्षा बलों की कंपनियां उपलब्ध करवायी गई है।