आज होली के हुड़दंग में सियासी दांव-पेंच की पिचकारी चलाएंगे राजनीतिक दलों के नेता
होली के हुड़दंग में सियासी दांव-पेंच की पिचकारी भी चलेगी। कार्यकर्ताओं को संदेश देने के लिए भी यह बेहतर मौका है।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। चुनाव के दौरान होली के रंग विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यालयों में अलग ही खिलेंगे। इसके लिए खास तैयारियां भी की गई हैं। नेता भी अपने-अपने गढ़ में समर्थकों के बीच रंगों के साथ सियासी दांव भी खेलेंगे।
होली के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को गोरखपुर में होंगे। जहां वह परंपरागत होली की यात्रा में शामिल होंगे। इस अवसर पर वह रथ पर सवार होंगे। समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव लखनऊ में होली मनायेंगे। जबकि सपा के सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव होली के अवसर पर सैफई में होंगे और कार्यकर्ताओं के साथ परंपरागत फूलों की होली खेलेंगे।
पार्टी कार्यालयों में हैं खास तैयारियां
भाजपा, सपा, कांग्रेस समेत अन्य दलों के मुख्यालयों पर भी होली की खास तैयारियां हैं। दलों के प्रमुख नेता अपने-अपने गढ़ पहुंच चुके हैं और होली के दिन कार्यकर्ताओं के बीच रंग जमायेंगे। चुनाव के दौरान होली को लेकर खासा उत्साह व तैयारियां देखी जा रही हैं।
होली में रंग खेलने व गले मिलने के दौरान ही राजनीतिक समीकरण भी बैठायें जायेंगे। होली के हुड़दंग में सियासी दांव-पेंच की पिचकारी भी चलेगी। कार्यकर्ताओं को संदेश देने के लिए भी यह बेहतर मौका है। जब नेता त्योहार की शुभकामनाएं देने के साथ क्षेत्र वासियों से उनका साथ मांगेंगे।
बसपा सुप्रीमो मायावती ने सभी देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि वह कुदरत से यही प्रार्थना करती हैं कि देश खासकर गरीबी, बेरोजगारी, जातिवाद व सांप्रदायिकता से मुक्त होकर हमेशा अमन-चैन, आपसी सौहार्द व सद्भाव वाला बने।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने देशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली सभी वर्गो व समुदायों के मध्य भाईचारे व मेल मिलाप के उद्देश्य वाला त्योहार है। इसे संप्रदायिक सौहार्द व एकता के पर्व के रूप में मनाया जाना चाहिए।