Move to Jagran APP

पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हत्याओं का दौर जारी, एक और भाजपा कार्यकर्ता की हत्या

भाजपा ने इस घटना के लिए सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई।

By Bhupendra SinghEdited By: Published: Sat, 28 Jul 2018 10:43 PM (IST)Updated: Sun, 29 Jul 2018 07:07 AM (IST)
पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हत्याओं का दौर जारी, एक और भाजपा कार्यकर्ता की हत्या
पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हत्याओं का दौर जारी, एक और भाजपा कार्यकर्ता की हत्या

जागरण संवाददाता, कोलकाता। पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हत्याओं का दौर बदस्तूर जारी है। पुरुलिया जिले में त्रिलोचन महतो और दुलाल कुमार नामक भाजपा समर्थकों की हत्या के बाद अब दक्षिण 24 परगना जिले के मंदिरबाजार थाना क्षेत्र में एक भाजपा कार्यकर्ता की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। उसकी पहचान शक्तिपद सरदार (45) के रूप में हुई है। शुक्रवार की रात बाजार से घर लौटने के दौरान अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से उनकी हत्या कर दी। इस घटना के बाद से इलाके में तनाव है।

loksabha election banner

भाजपा ने इस घटना के लिए सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने संदेह के आधार पर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके नाम गौतम मंडल और अब्दुल हक मोल्ला है। दोनों तृणमूल समर्थक बताए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक अरिजीत सिन्हा ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि लोगों से पूछताछ और इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया है। इस हत्याकांड में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक सदाशिवपुर निवासी शक्तिपद शुक्रवार की रात आठ बजे दुकान से अपने घर लौट रहे थे, तभी शिवतल्ला मोड़ के पास पहले से घात लगाए पांच लोगों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। वे सिर, पेट से लेकर शरीर के कई हिस्सों में वार करने के बाद भाग गए।

खून से लथपथ शक्तिपद जमीन पर गिर कर छटपटाने लगे। वहां से गुजरने वाले लोगों की नजर जब शक्तिपद पर पड़ी, तो उन्हें डायमंड हार्बर अस्पताल ले गए। हालत गंभीर देख अस्पताल ने उन्हें कोलकाता रेफर कर दिया, लेकिन शक्तिपद ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

हत्या के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन

शक्तिपद की हत्या के विरोध में शनिवार को भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के बढ़ते प्रभाव से तृणमूल भयभीत हो गई है। पार्टी कार्यकर्ताओं तथा समर्थकों को डरा धमका कर भाजपा से दूर रहने की हिदायत दी जा रही है। ऐसा नहीं करने वालों की हत्या कर दी जा रही है।

भाजपाइयों ने अविलंब हत्यारों को गिरफ्तार करने और फांसी की सजा देने की मांग की। दूसरी ओर, तृणमूल ने हत्या के आरोप को नकार दिया। गौरतलब है कि इसी साल मई में पुरुलिया के बलरामपुर में त्रिलोचन महतो नामक 18 वर्षीय भाजपा समर्थक की हत्या कर शव पेड़ से लटका दिया गया था। तब उसके शरीर पर एक पोस्टर भी चिपका मिला था, जिस पर भाजपा के लिए काम करने वालों का यही हश्र करने की धमकी दी गई थी। घटना के दो दिन बाद ही 32 वर्षीय दुलाल कुमार नामक युवक की हत्या कर शव बिजली के खंभे से लटका दिया गया था।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.