सबरीमाला पर गतिरोध के बीच अगले माह केरल जाएंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छह जनवरी को केरल के पथनमथिट्टा जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
तिरुअनंतपुरम, प्रेट्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छह जनवरी को केरल के पथनमथिट्टा जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इसी जिले में भगवान अयप्पा का सबरीमाला मंदिर स्थित है। सबरीमाला मंदिर में सभी आयु वर्ग की महिलाओं के प्रवेश मामले में जारी गतिरोध और इसको लेकर जारी भाजपा के प्रदर्शन के बीच पथनमथिट्टा को प्रधानमंत्री की सभा के लिए चुना जाना काफी महत्व रखता है।
भाजपा सूत्रों ने कहा कि मोदी 27 जनवरी को फिर से राज्य के दौरे पर आएंगे। इस दौरान वह त्रिशूर में भारतीय जनता युवा मोर्चा के सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। यह भाजपा की युवा शाखा है। इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 31 दिसंबर को पलक्कड़ में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
मोदी द्वारा सभाओं को संबोधित किया जाना आगामी लोकसभा चुनावों के लिए दक्षिणी राज्य से भाजपा के प्रचार अभियान की शुरुआत के तौर पर भी देखा जा रहा है। मोदी के दौरे से भाजपा के राज्य नेतृत्व का हौसला बढ़ने की उम्मीद है, जो सबरीमाला मुद्दे पर लगातार हड़ताल करने के लिए विभिन्न वर्गो के निशाने पर है।
भाजपा के राज्य अध्यक्ष पीएस श्रीधरन पिल्लई ने कहा कि प्रधानमंत्री दो कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे- एक पथनमथिट्टा में और दूसरा त्रिशूर में। इसमें आगामी लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखा जाएगा। चूंकि पथनमथिट्टा सबरीमला तीर्थयात्रा को लेकर गतिविधियों के केंद्र में है, इसलिए ये सभाएं काफी महत्वपूर्ण हैं।