LK Advani’s 92nd birthday: आडवाणी से मिलने पहुंचे PM मोदी, साथ में अमित शाह भी मौजूद, VIDEO
लालकृष्ण आडवाणी शुक्रवार को 92 वर्ष के हो गए हैं। इस मौके पर पीएम मोदी उनसे मिलने पहुंचे।
नई दिल्ली, एएनआइ। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी शुक्रवार को 92 वर्ष के हो गए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका अभिवादन करते हुए कहा कि वह एक सबसे सम्मानित नेताओं में से एक हैं। इस दौरान शुक्रवार को वह उनसे मिलने भी पहुंचे। पीएम नरेंद्र मोदी आडवाणी के 92 वें जन्मदिन पर उनसे मुलाकात करने पहुंचे हैं। उनके साथ उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा भी आडवाणी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने पहुंचे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने आडवाणी से मुलाकात से पहले उनके जन्मदिन को लेकर कई ट्वीट किए। इनमें एक ट्वीट में उन्होंने कहा, 'विद्वान, राजनेता और सम्मानित नेताओं में से एक लालकृष्ण आडवाणी का भारत को सशक्त बनाने की दिशा में अहम योगदान रहा है।' उनके जन्मदिन पर मैं आडवाणी जी का सम्मान करते हुए उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की प्रार्थना करता हूं।
#WATCH: PM Narendra Modi meets senior BJP leader LK Advani at the latter's residence on his 92nd birthday. Vice President Venkaiah Naidu, BJP President Amit Shah and BJP working President JP Nadda also present. #Delhi pic.twitter.com/zUvVVQJMvg
— ANI (@ANI) November 8, 2019
पीएम मोदी द्वारा किए गए अन्य ट्वीट में कहा गया, 'भारतीय राजनीति में अगर आज भाजपा मजबूत स्तंभ बनकर उभरी है। इसका कारण आडवाणी जी और उनके द्वारा तैयार किए गए स्वार्थहीन कार्यकर्ताओं की मेहनत है। वे हमेशा ही समाजसेवा को सर्वोपरि रखते हैं। उन्होंने कभी पार्टी की विचारधारा के साथ समझौता नहीं किया। जब लोकतंत्र को सुरक्षित करने की बात आई, तब भी वे सबसे आगे रहे। एक मंत्री के तौर पर भी दुनिया में उनकी काफी तारीफ होती है।'
अमित शाह ने भी दी बधाई
गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट करते हुए कहा, ' अपने परिश्रम और संगठन कुशलता से भाजपा को एक राष्ट्रीय पार्टी का स्वरूप देने वाले आदरणीय और भारत के पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।' इसके अलावा उन्होंने आगे कहा कि आडवाणी जी का पूरा जीवन राष्ट्र के विकास और कल्याण के लिए समर्पित है। उनकी अद्भुत नेतृत्व क्षमता से उन्होंने न सिर्फ पार्टी की एक मजबूत नींव रखी बल्कि लाखों कार्यकर्ताओं को भी प्रेरित किया। सरकार में रहते हुए आडवाणी जी ने राष्ट्रहित सर्वोपरि मान भारत को नयी गति देने का काम किया।