पीएम मोदी ने कहा- 92 साल के हुए आडवाणी, उन्होंने बनाया भाजपा को राजनीति का प्रमुख ध्रुव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारे नागरिकों को सशक्त बनाने की दिशा में लाल कृष्ण आडवाणी जी के असाधारण योगदान को भारत हमेशा संजोकर रखेगा।
नई दिल्ली, प्रेट्र। वरिष्ठ भाजपा नेता लाल कृष्ण आडवाणी शुक्रवार को 92 साल के हो गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके घर जाकर उन्हें शुभकामनाएं दी। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने पार्टी को खड़ा करने और उसे भारतीय राजनीति का प्रमुख ध्रुव बनाने में आडवाणी के योगदान को याद किया।
92 वर्षीय आडवाणी को प्रधानमंत्री ने घर जाकर दीं शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री ने एक के बाद एक कई ट्वीट कर कहा, 'विद्वान, राजनेता और सर्वाधिक सम्मानीय नेताओं में से एक। हमारे नागरिकों को सशक्त बनाने की दिशा में लाल कृष्ण आडवाणी जी के असाधारण योगदान को भारत हमेशा संजोकर रखेगा।'
आडवाणी के प्रशासनिक कौशल को सर्वत्र सराहा जाता है- मोदी
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा को मजबूत बनाने के लिए आडवाणी ने दशकों तक कठिन परिश्रम किया है। मोदी ने कहा, 'वर्षो बाद अगर हमारी पार्टी भारतीय राजनीति में प्रमुख ध्रुव के रूप में उभरी है तो इसकी वजह आडवाणी जी जैसे नेता और वे स्वार्थहीन कार्यकर्ता हैं जिन्हें उन्होंने दशकों तक तैयार किया। मूल विचारधारा के साथ उन्होंने एक बार भी समझौता नहीं किया। जब हमारे लोकतंत्र को बचाने की बात आई तो वह सबसे आगे रहे। मंत्री के तौर पर उनके प्रशासनिक कौशल को सर्वत्र सराहा जाता है।'
आडवाणी के नेतृत्व, अथक परिश्रम ने भाजपा को राष्ट्रीय पार्टी बनाया- शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी देश के प्रति आडवाणी के समर्पण की सराहना की। शाह ने कहा कि उनके नेतृत्व, अथक परिश्रम और संगठनात्मक क्षमता ने भाजपा को राष्ट्रीय पार्टी बनाया है।
आडवाणी का जन्म 1927 में कराची में हुआ था
प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के साथ आडवाणी को उनके घर जाकर शुभकामनाएं देने वालों में उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू और भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल थे। बता दें कि आडवाणी का जन्म 1927 में कराची में हुआ था जो अब पाकिस्तान में है।