विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 25, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पीएम मोदी ने अरुण जेटली को किया याद, कहा- उनमें जटिल विषयों को सरल तरीके से पेश करने का अनोखा गुण था

By Achyut KumarEdited By:
Published: Thu, 25 Aug 2022 02:10 AM (IST)

पीएम मोदी ने पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली को याद किया। उन्होंने कहा कि जेटली में जटिल विषयों को सरल ...और पढ़ें

पीएम मोदी ने पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली को किया याद (फाइल फोटो)
पीएम मोदी ने पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली को किया याद (फाइल फोटो)

नई दिल्ली, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Narendra Modi) ने पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली (Arun Jaitley) पर एक नई पुस्तक की प्रस्तावना में लिखा है कि उनमें जटिल विषयों को सरल तरीके से पेश करने का अनोखा गुण था। वह सार्वजनिक विमर्श में आनंद लेकर आए। जेटली की पुण्यतिथि पर बुधवार को यहां पुस्तक 'ए न्यू इंडिया' का विमोचन हुआ।

'प्रभावशाली मंत्री और बहुमुखी व्यक्तित्व वाले थे जेटली'

प्रस्तावना में प्रधानमंत्री ने लिखा है कि जेटली बहुमुखी व्यक्तित्व वाले थे, वह कई लोगों के मित्र थे, उत्कृष्ट विधिक ज्ञान वाले थे, एक प्रभावशाली मंत्री और परिपूर्ण संप्रेषक थे। यह पुस्तक दिवंगत जेटली द्वारा 2014 से 2019 के बीच लिखे चुनिंदा लेखों का संकलन है।

जेटली का 66 साल की आयु में हुआ निधन

मोदी सरकार के पहले वित्त मंत्री जेटली का 24 अगस्त, 2019 को 66 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। प्रधानमंत्री ने पुस्तक की भूमिका में लिखा है, 'जेटली जी का एक पक्ष बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि उनके जैसे बहुत कम लोग हुए हैं। नीतिगत विषयों पर जबरदस्त पकड़ के साथ एक लोक बुद्धिजीवी के रूप में उन्होंने सार्वजनिक विमर्श में आनंद की विलक्षण विशेषता को जोड़ा, जो एक जीवंत लोकतंत्र के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।'

जटिल विषयों की सरल तरीके से करते थे व्याख्या

मोदी ने लिखा है कि बहुत कम लोगों की जटिल नीतिगत विषयों में स्वाभाविक रुचि होती है और कम ही लोग होते हैं जो उन विषयों पर पकड़ रख सकते हैं। ऐसे जटिल विषयों को हल्का करके उनकी सरल तरीके से व्याख्या करने वाले दुर्लभ से दुर्लभतम होते हैं। अरुण जेटली ऐसे ही एक व्यक्ति थे।

मोदी सरकार में रक्षा मंत्री भी बने जेटली

भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली ने  24 अगस्‍त, 2019 शनिवार को 12:07 बजे अंतिम सांस ली। वे 9 अगस्‍त, 2019 को एम्‍स में भर्ती किए गए थे। वे भाजपा और एनडीए सरकार के प्रमुख रणनीतिकारों में थे। वे अटल बिहारी वाजपेयी और नरेन्द्र मोदी सरकार में केंद्रीय मंत्री रहे। 2014 में नरेंद्र मोदी सरकार में वे वित्‍त मंत्री रहे और अस्‍थायी तौर पर रक्षा मंत्री भी रहे।