US से लौटते ही PM Modi ने सर्जिकल स्ट्राइक को किया याद, कहा- वीर जवानों ने लिखी थी वीरगाथा
अमेरिकी दौरे से लौटने के बाद PM Modi ने कहा कि विश्व में भारत की स्वीकृति व आदर का भाव बढ़ा है। इस सबका श्रेय भारत की जनता को जाता है।
नई दिल्ली, जेएनएन। अमेरिका से सात दिनों के सफल दौरे के बाद शनिवार देर शाम स्वदेश पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पालम एयरपोर्ट पर हजारों लोगों ने जोरदार स्वागत किया। लोगों का अभिनंदन स्वीकार करते हुए पीएम ने कहा कि भारत की स्वीकृति विदेश में बढ़ी है। इसके लिए मैं 130 करोड़ देशवासियों को धन्यवाद देता हूं। उन्होंने कहा कि 2014 में भी मैं अमेरिका गया था और 2019 में भी गया। फर्क साफ नजर आया। दुनिया की नजरों में भारत के प्रति सम्मान व आदर बढ़ा है। इसका एक प्रमुख कारण आप लोग हैं, जिन्होंने दूसरी बार भाजपा को सत्ता में लाने के लिए वोट दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अमेरिका में ह्यूस्टन का समारोह हो या फिर हाउडी मोदी। उसकी विशालता, भव्यता और अमेरिकी राष्ट्रपति का शिरकत करना हर जगह चर्चा का विषय बना रहा। भारत-अमेरिका के रिश्ते को एक नई पहचान मिली है। साथ ही उन्होंने अमेरिका में रहने वाले भारतवंशियों का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने हाउडी मोदी कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कहा-इन सफल कार्यक्रमों की चर्चा वहां रिपब्लिक और डेमोक्रेटिक पार्टी के नेताओं की जुबान पर थी। न्यूयॉर्क में जब संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में पहुंचा तो अन्य देशों के नेता भी हाउडी मोदी की चर्चा कर रहे थे।
इससे पता चलता है कि पूरी दुनिया में भारत किस प्रकार अपना प्रभाव छोड़ सकता है और अन्य देशों का दिल जीत सकता है। मैंने यह सब अपनी आंखों से देखा। विश्व में भारत की स्वीकृति व आदर का भाव बढ़ा है। इस सबका श्रेय भारत की जनता को जाता है।
बालाकोट में सर्जिकल स्ट्राइक को किया याद
उन्होंने कहा कि आज 28 सितंबर है। ठीक तीन वर्ष पहले 28 सितंबर को मैं पूरी रात सोया नहीं था। हर पल इसी का इंतजार रहता था कि टेलीफोन की घंटी कब बजेगी। इसी दिन हमारे वीर जवानों ने स्वर्णिम गाथा लिखी थी और बालाकोट में सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम देकर भारत की आन-बान और शान को बढ़ाया था। मैं उन वीर जवानों को प्रणाम करता हूं।
नवरात्र की दी बधाई
पीएम मोदी ने देशवासियों को नवरात्र की बधाई देते हुए कहा कि आप इतनी बड़ी संख्या में मेरे स्वागत के लिए यहां आए, इसके लिए एक बार फिर से धन्यवाद।
यह भी पढ़ें: स्वदेश लौटे PM Modi ने कहा- दुनिया की नजरों में बढ़ा भारत का मान, नवरात्रि की भी दी शुभकामनाएं