PM Modi ने कहा- दुनिया की नजरों में बढ़ा भारत का मान, नवरात्रि की भी दी शुभकामनाएं
अमेरिकी दौरे से लौट रहे पीएम मोदी के स्वागत के लिए कई शीर्ष नेताओं के साथ दिल्ली भाजपा के सातों सांसदों ने एयरपोर्ट में पीएम मोदी का स्वागत किया।
नई दिल्ली, जेएनएन। अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र (UN) के सफल दौरे से वापस लौट रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दिल्ली एयरपोर्ट में भव्य स्वागत किया जा रहा है। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा और प्रदेश अध्यक्ष मनोजी तिवारी ने पीएम मोदी का स्वागत किया। इसके साथ ही दिल्ली भाजपा के सातों सांसदों ने भी पीएम मोदी का स्वागत किया। पीएम मोदी का विमान 8:07 पर एयरपोर्ट में पहुंच गया है। दिल्लीवासियों ने ढ़ोल नंगाड़े बजा कर पीएम मोदी का स्वागत किया है। प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए दिल्ली ही नहीं बल्कि आसपास के राज्यों से भी लोग आए हैं। यहां पर राजस्थानी, पंजाबी, हरियाणा के कलाकार अपने नृत्य के माध्यम से प्रधानमंत्री के आने का जश्न मना रहे हैं।
हजारों की संख्या में लोग सड़क के दोनों ओर उस पल का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं जब उनकी नजरों के सामने प्रधानमंत्री आएंगे। प्रधानमंत्री के रोड शो के लिए दिल्ली पुलिस ने कमर कस ली है। रोड शो में सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने की पूरी तैयारी की जा चुकी है। प्रधानमंत्री का रोड शो एयरपोर्ट रोड से खिमैया मार्ग तक होगा।
PM Modi Road Show:
- लोगों ने मोबाइल की टॉर्च जलाकर पीएम मोदी का जोरदार स्वागत किया है।
- पीएम मोदी ने कहा कि तीन साल पहले 28 की रात को ही मेरे देश के वीर जवानों ने सर्जिकल स्ट्राइक करके भारत की आन-बान-शान को दुनिया के सामने और अधिक ताकत के साथ प्रस्तुत किया था। मैं आज उस रात को याद करते हुए, हमारे वीर जवानों के साहस को प्रणाम करता हूं और उनका अभिनंदन करता हूं।
- पीएम मोदी ने कहा कि आज 28 सितंबर है, तीन साल पहले इसी तारीख को मैं पूरी रात एक पल भी सोया नहीं था। पूरी रात जागता रहा था। हर पल टेलिफोन की घंटी कब बजेगी, इसी के इंतजार में था। वो 28 सितंबर भारत के वीर जवानों के पराक्रम की एक स्वर्णिम गाथा लिखने वाला था।
- पीएम मोदी ने कहा कि ह्यूस्टन का Hodwy Modi समारोह, उसकी विशालयता और भव्यता, डोनाल्ड ट्रंप का वहां आना, दुनिया को हमारी दोस्ती का अहसास होना, वो तो सब है ही, लेकिन इतने कम समय में अमेरिका के हमारे भारतीय भाई-बहनों ने जिस शक्ति का प्रदर्शन किया उसकी वाहवाही हर तरफ थी।
- पीएम मोदी ने कहा कि भारत किस तरह दुनिया का दिल जीत सकता है, ये मैंने अपनी आंखों से देखा है, खुद अनुभव किया है। मैं आज यहां से अमेरिका में रहने वाले अपने भाई-बहनों को विशेष रूप से धन्यवाद देता हूं।
- पीएम मोदी ने कहा इस अहमियत का एक एक विराट रूप मैंने इस बार अमेरिका में देखा है। विश्व भर में फैले हुए हमारे भारतीयों ने भी अपने-अपने देशों में उन देश के लोगों का प्यार हासिल किया है, यह भी भारत के गौरव को बढ़ाने वाला है।
- पीएम मोदी ने कहा कि 2014 में भी चुनाव जीतने के बाद मैं अमेरिका, यूएन की समिट में गया था और 2019 में भी गया। दुनिया की नजरों में भारत के प्रति मान-सम्मान और आदर बढ़ा है, इसका एक प्रमुख कारण 130 करोड़ हिंदुस्तानी हैं जिन्होंने अधिक मजबूती के साथ दोबारा सरकार बनाई है।
- विमान से बाहर आने के बाद पीएम मोदी का स्वागत भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने फूल देकर किया। इस दौरान दिल्ली के सातों सांसदों ने भी पीएम मोदी का स्वागत किया।
#WATCH Prime Minister Narendra Modi arrives in Delhi, after concluding his visit to the United States of America. pic.twitter.com/mjqF4jspn3— ANI (@ANI) September 28, 2019
अमेरिका दौरे से लौटने के बाद पीएम मोदी का विमान दिल्ली आ गया है। कुछ ही देर में पीएम मोदी रोड शो करेंगे
- संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में शानदार भाषण देने के बाद शनिवार रात पीएम मोदी दिल्ली आ रहे हैं। पीएम मोदी के स्वागत के लिए भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा और दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी एयरपोर्ट पहुंच गए हैं।
- एयरपोर्ट के बाहर पार्टी समर्थक ढ़ोल-नंगाड़ो से पीएम मोदी के स्वागत के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
-पीएम नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए दिल्ली एयरपोर्ट के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं का हुजूम जुट गया है।
अमेरिकी दौरे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस तरह से अंतरराष्ट्रीय मंच पर कश्मीर और दूसरे मुद्दों को दुनिया के सामने रखा है, उससे देश का मान सम्मान बढ़ा है।
पीएम मोदी के स्वागत के लिए तिलक नगर से आए रजनीश ने बताया कि प्रधानमंत्री ने देश का मान विश्व में बढ़ाया है। ऐसे में हमें उनका स्वागत जरूर करना चाहिए। अमेरिका में प्रधानमंत्री ने देश की बात जोरदार तरीके से रखी है। प्रधानमंत्री के 15 मिनट के भाषण ने ही भारत की विकासात्मक सोच को दर्शा दिया था। हमें अपने प्रधानमंत्री पर गर्व है।
मालूम हो कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 सितंबर की रात अमेरिका के ह्यूस्टन में आयोजित होने वाले Howdy Modi कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हुए थे। हाउडी मोदी कार्यक्रम में उनका जोरदार स्वागत हुआ। उनके कार्यक्रम की सफलता और लोगों में उत्साह को देखते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी हाउडी मोदी कार्यक्रम में शिरकत थी। इसके साथ ही पीएम मोदी 27 सितंबर 2019 को संयुक्त राष्ट्र महासभा UNGA के 74वें सत्र को संबोधित किया।