विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 23, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

महाराष्ट्र की जीत को बताया ऐतिहासिक, झारखंड में इंडी गठबंधन को दी बधाई; चुनाव नतीजों पर आया पीएम मोदी का रिएक्शन

Published: Sat, 23 Nov 2024 05:42 PM (IST)

Election Results महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव के नतीजों पर पीएम मोदी ने पहली प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने महाराष्ट्र में ...और पढ़ें

पीएम ने कहा कि एनडीए के जनहितैषी प्रयासों की गूंज हर जगह सुनाई दे रही है। (File Image)
पीएम ने कहा कि एनडीए के जनहितैषी प्रयासों की गूंज हर जगह सुनाई दे रही है। (File Image)

HighLights

  1. पीएम ने महाराष्ट्र की जीत को बताया विकास और सुशासन की जीत।
  2. कहा- महाराष्ट्र की प्रगति के लिए काम करता रहेगा महायुति गठबंधन।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र विधानसभा में महायुति की प्रचंड जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा है कि यह विकास और सुशासन की जीत है। वहीं झारखंड में जीत पर पीएम ने हेमंत सोरेन और JMM के नेतृत्व वाले गठबंधन को बधाई दी है।

पीएम ने महाराष्ट्र के नतीजों पर एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, 'विकास की जीत! सुशासन की जीत! एकजुट होकर हम और भी ऊंचे उठेंगे। एनडीए को ऐतिहासिक जनादेश देने के लिए महाराष्ट्र के मेरे भाई-बहनों, खासकर राज्य के युवाओं और महिलाओं का हार्दिक आभार। यह स्नेह और गर्मजोशी अद्वितीय है। मैं लोगों को आश्वस्त करता हूं कि हमारा गठबंधन महाराष्ट्र की प्रगति के लिए काम करता रहेगा। जय महाराष्ट्र।'

झारखंड में जेएमएम गठबंधन को दी बधाई

वहीं पीएम मोदी ने झारखंड विधानसभा चुनाव के नतीजों पर कहा, 'मैं झारखंड के लोगों को हमारे प्रति उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देता हूं। हम लोगों के मुद्दों को उठाने और राज्य के लिए काम करने में हमेशा सबसे आगे रहेंगे। मैं राज्य में उनके प्रदर्शन के लिए JMM के नेतृत्व वाले गठबंधन को भी बधाई देता हूं।'

इसके अलावा प्रधानमंत्री ने अन्य राज्यों के उपचुनावों में एनडीए उम्मीदवारों को मिली जीत पर कहा है कि एनडीए के जनहितैषी प्रयासों की गूंज हर जगह सुनाई दे रही है। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'मैं विभिन्न राज्यों के लोगों को विभिन्न उपचुनावों में एनडीए उम्मीदवारों को आशीर्वाद देने के लिए धन्यवाद देता हूं। हम उनके सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। मुझे एनडीए के हर कार्यकर्ता पर गर्व है, जिन्होंने जमीनी स्तर पर काम किया। उन्होंने कड़ी मेहनत की, लोगों के बीच गए और हमारे सुशासन के एजेंडे पर विस्तार से बात की।'

यह जीत हर महाराष्ट्रवासी की जीत: शाह

वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र की जीत पर कह है कि प्रचंड जनादेश ने झूठ के सहारे संविधान के नकली हितैषी बनने वालों की दुकान पर ताला लगाने का काम किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'जय महाराष्ट्र। इस ऐतिहासिक जनादेश के लिए महाराष्ट्र की जनता का कोटि-कोटि वंदन। छत्रपति शिवाजी महाराज, बाबासाहेब आंबेडकर जी, ज्योतिबा फुले जी और वीर सावरकर जी की पुण्यभूमि महाराष्ट्र ने विकास के साथ-साथ संस्कृति और राष्ट्र को सर्वोपरि रखने वाले महायुति गठबंधन को इतना प्रचंड जनादेश देकर भ्रम और झूठ के सहारे संविधान के नकली हितैषी बनने वालों की दुकान पर ताला लगाने का काम किया है। यह जीत हर एक महाराष्ट्रवासी की जीत है।'

झारखंड की जनता का व्यक्त किया आभार

वहीं अमित शाह ने झारखंड में भाजपा को सबसे अधिक मत प्रतिशत का आशीर्वाद देने के लिए प्रदेश वासियों का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि वह झारखंड भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को उनके अथक परिश्रम के लिए शुभकामनाएं देते हैं।

गृह मंत्री ने लिखा, 'भाजपा के लिए जनजातीय समाज की आकांक्षाओं की पूर्ति और उनकी अस्मिता की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। NDA की केंद्र सरकार झारखंड वासियों की उन्नति, प्रगति और जनजातीय विरासतों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और मोदी जी के नेतृत्व में हम निरंतर इस दिशा में कार्य करते रहेंगे। भाजपा झारखंड में एक सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएगी।'