कर्नाटक फतह करने के लिए पीएम मोदी ने दिया भाजपा कार्यकर्ताओं को मंत्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा कि समाज को बांटने की कोशिश हुई।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। कर्नाटक में कांग्रेस और भाजपा के बीच फंसी लड़ाई को लेकर तेज अटकलों को खारिज करते हुए खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश नेताओं व कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया है। गुरुवार को उन्होंने कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा कि समाज को बांटने की कोशिश हुई। अब त्रिशंकु विधानसभा का भ्रम फैलाने की कोशिश हो रही है। लेकिन जनता जानती है कि संपूर्ण विकास के लिए पूर्ण बहुमत की सरकार चाहिए होती है और कर्नाटक ने भाजपा के लिए मन बना लिया है। जीत का मंत्र देते हुए उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता अपनी बूथ पर जीत का प्रण ले, फिर पूरी जीत पक्की है।
कर्नाटक कांग्रेस झूठ और समाज को बांटने का सहारा ले रही है: पीएम मोदी
कर्नाटक विधानसभा चुनाव अब महज एक पखवाड़े दूर है। प्रधानमंत्री भी संभवत: एक मई से चुनावी अभियान मे कूदेंगे। लेकिन उससे पहले ही मोदी एप के जरिए कार्यकताओं से संवाद में उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार झूठ का सहारा ले रही है। उन्होंने कहा- 'लगातार हार से पस्त कांग्रेस पहले 50 में पांच झूठ फैलाती थी। अब 50 में से 40-45 झूठ बोलती है।'
उन्होंने आगाह किया कि इससे बचें। उन्होंने परोक्ष रूप से कैब्रिज एनालिटिका और कांग्रेस के संबंध पर भी तंज किया और कहा कि विदेशी एजेंसी का सहारा लेकर लोगों को प्रभावित करने की कोशिश हो रही है। लेकिन यह काम नहीं आएगा। कांग्रेस को भी इसका अहसास है और इसीलिए जाति के नाम पर बांटने की कोशिश हुई। हर चुनाव में कांग्रेस यही राजनीति करती है। एक जाति वर्ग को लालीपाप देती है फिर दूसरे चुनाव में किसी और को।
गौरतलब है कि सिद्दरमैया सरकार ने हाल ही में लिंगायत को अलग धर्म का दर्जा देने का राजनीतिक पासा फेंका था। एक कार्यकर्ता के सवाल पर प्रधानमंत्री ने बूथ पर ध्यान देने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत संपर्क स्थापित किया जाना चाहिए। हर किसी को घर घर पहुंचना होगा ताकि बूथ मजबूत रहे। उसके बाद जीत दूर नहीं।