पीएम मोदी व राहुल गांधी आज छत्तीसगढ़ में संभालेंगे मोर्चा
शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी प्रदेश में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे।
रायपुर, प्रेट्र। राहुल गांधी छत्तीसगढ़ पहुंच चुके हैं। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के पहले चरण की तारीख नजदीक आते ही भाजपा और कांग्रेस ने सक्रियता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी प्रदेश में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। मोदी नक्सल प्रभावित बस्तर जिले के जगदलपुर में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। उधर, दो दिवसीय दौरे पर आ रहे राहुल गांधी कई सभाओं को संबोधित करने के साथ ही राजनांदगांव विधानसभा क्षेत्र में एक रोड शो करेंगे।
गौरतलब है कि राजनांदगांव से सूबे के मुख्यमंत्री रमन सिंह जहां भाजपा के प्रत्याशी हैं, वहीं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वायपेयी की भतीजी करुणा शुक्ला को कांग्रेस ने मैदान में उतारा है। पहले चरण के चुनाव का प्रचार शनिवार को थम जाएगा। पहले चरण में 12 नवंबर को 18 सीटों पर मतदान होगा।
भाजपा के एक प्रदेश प्रवक्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री शुक्रवार सुबह 11.20 बजे रायपुर एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। इसके बाद हेलीकॉप्टर से जगदलपुर के लिए रवाना हो जाएंगे। यहां सभा को संबोधित करने के बाद वह दोपहर दो बजे रायपुर के लिए निकल देंगे। यहां से वह दिल्ली चले जाएंगे।
जगदलपुर में पीएम की होगी पहली रैली
इस बार के विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जगदलपुर में पहली रैली होगी। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता का कहना है कि पीएम की रैली से कार्यकर्ताओं में जोश भरेगा और वह दोगुने उत्साह के साथ चुवान की तैयारियों में जुट जाएंगे।
राहुल की रैली कांकेर व राजनांदगांव में, रोड शो भी
राहुल गांधी शुक्रवार दोपहर को पहली रैली कांकेर जिले के पखंजोर कस्बे में संबोधित करेंगे। कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी ने बताया कि राहुल गांधी पखंजोर में रैली के बाद राजनांदगांव जिले के खैरागढ़ और डंगरगढ़ कस्बे में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह राजनांदगांव में एक रोड शो करेंगे। राहुल शुक्रवार रात व शनिवार को राजनांदगांव में रहेंगे। वह कांकेर जिले के चर्मा और कोंडागांव में सभा करेंगे। इसके साथ ही वह जगदलपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे।
रमन सिंह भी आज करेंगे रोड शो
सूबे के मुख्यमंत्री और राजनांदगांव से भाजपा प्रत्याशी रमन सिंह भी शाम को राजनांदगांव में रोड शो करेंगे