PM Cares Fund: मोदी के मंत्रियों ने दिया एक महीने का वेतन, भाजपा के सभी सांसद देंगे एक-एक करोड़
भाजपा अध्यक्ष ने एक करोड़ सदस्यों की ओर से रोजाना पांच करोड़ लोगों को मुफ्त खाना उपलब्ध कराने की भी समीक्षा की।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। भाजपा के सभी सांसद 'प्रधानमंत्री केयर्स फंड' में एक-एक करोड़ रुपये देंगे। यह राशि एमपीलैड फंड से दी जाएगी। भाजपा विधायकों से भी कहा गया है कि वह विधायक फंड से मदद करें। जबकि केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर, केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेद्र प्रधान, केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, मानव संसाधन मंत्री समेत रमेश पोखरियाल निशंक, केंद्रीय मंत्री रिजिजू समेत कइयों ने एक-एक महीने का वेतन भी कोष में दिया है।
उप राष्ट्रपति ने कहा- इस लड़ाई में सभी साथ आएं
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की ओर से लोकसभा के सभी सदस्यों से आग्रह किया गया था कि वह कोरोना से लड़ाई के लिए जरूरी सामान के लिए एमपीलैड फंड से एक-एक करोड़ रुपये दें। रविवार को राज्यसभा सभापति और उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने भी सभी सांसदों को पत्र लिखकर शुरुआत में एक-एक करोड़ की मदद करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस लड़ाई में बडे़ संसाधन की जरूरत है और यह हमारा दायित्व है कि हम सब साथ खड़े हों।
नड्डा ने भाजपा के सभी सांसदों को दिया निर्देश, कोरोना से लड़ाई में करें मदद
इस बीच, भाजपा अध्यक्ष की ओर से पार्टी के सभी सांसदों को इसका निर्देश हो गया है। रविवार को नड्डा ने ओडिशा, झारखंड, केरल, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्षों, संगठन महामंत्रियों व पदाधिकारियों से वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिये बात की और उन्हें निर्देश दिया कि कोरोना से लड़ाई में सरकारी आदेशों के पालन में मदद करें।
नड्डा ने दिया निर्देश, रोजाना पांच करोड़ लोगों को खाना पहुंचाने की समीक्षा
भाजपा अध्यक्ष ने एक करोड़ सदस्यों की ओर से रोजाना पांच करोड़ लोगों को मुफ्त खाना उपलब्ध कराने की भी समीक्षा की। दरअसल, भाजपा यह कार्यक्रम 37 राज्यों में चला रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार इसके तहत दिल्ली में डेढ़ लाख कार्यकर्ता साढ़े सात लाख लोगों को खाना मुहैया करा रहे हैं तो केरल के सवा दो लाख कार्यकर्ता 11 लाख से ज्यादा लोगों को खाना पहुंचा रहे हैं। सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश में इसके तहत एक करोड़ लोगों को 14 मार्च तक खाना पहुंचाया जाएगा।