तस्वीरों में देखें, सियासी हस्तियों ने देवी के दरबार में मत्था टेका
देश भर में नवरात्रि की धूम है। लोग मां के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंच रहे हैं। ऐसे मौके पर कुछ बड़ी हस्तियां भी मां के दरबार में माथा टेकने पहुंची।
नई दिल्ली। देश भर में नवरात्रि की धूम है। लोग मां के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंच रहे हैं। सभी पूजा पंडालों में भीड़ देखने को मिल रही है। ऐसे मौके पर कुछ बड़ी हस्तियां भी मां के दरबार में माथा टेकने पहुंचीं। अष्टमी के दिन मंदिरों व पंडालों को खूबसूरत रोशनी से सजाया गया है। पूरा महौल भक्तिमय बना हुआ है।़
उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य
उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने आज दुर्गा अष्टमी के अवसर पर कन्या पूजन कर राज्य की खुशहाली और समृद्धि की प्रार्थना की। उन्होंने राजभवन में 101 कन्याओं का पूजन किया फिर उन्हें खाना खिलाया। राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने बालिका शिक्षा एवं महिला सशक्तिकरण की लिए लोगों को प्रेरित किया।
अमित शाह ने माता के दरबार में लगाई हाजिरी
भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह नवरात्रि के मौके पर कामाख्या मंदिर पहुंचे। शाह ने माता की पूजा अर्चना की और आशीर्वाद लिया। उनके साथ भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता भी पूजा में शामिल हुए।
चीफ जस्टिस ने भी की पूजा
अमित शाह के माता दर्शन के कुछ ही देर बाद कामाख्या मंदिर में सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई भी दर्शन करने पहुंचे। गोगोई के साथ परिवार के कुछ सदस्य भी मंदिर आए थे।
राज बब्बर ने किया कन्या पूजन
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने भी नौ कन्याओं का पूजन किया। इसके बाद उन्हें फल खिलाया। पूजन के बाद प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने बताया कि कुछ तत्व कांग्रेस को वर्ग विशेष तक सीमित करने की साजिश में जुटे थे।
नीतीश ने उतारी आरती
नवरात्रि के आठवें दिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजधानी के अगमकुआं स्थित मां शीतला माता मंदिर में मत्था टेका और पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनके साथ पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव भी मौजूद थे। महाअष्टमी को लेकर अगमकुआं में विशेष पूजन का आयोजन किया जाता है, जिसको लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शीतला माता मंदिर पहुंचकर नारियल तोड़े, साथ ही मां को चुनरी चढ़ाते हुए आरती की और बिहार के लिए अमन चैन की दुआ मांगी।