Parliament Session LIVE: चंद्रयान2 के सफल प्रक्षेपण पर ISRO को लोकसभा व राज्यसभा ने दी बधाई
चंद्रयान 2 के सफल प्रक्षेपण पर इसरो के वैज्ञानिकों को लोकसभा व राज्यसभा की ओर से बधाई दी गई।
नई दिल्ली (एएनआइ)। Parliament Session Live Updates: लोकसभा में सोमवार को चंद्रयान 2 के सफल प्रक्षेपण पर मेज थपथपाकर वैज्ञानिकों को बधाई दी गई। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा, आज दोपहर 2.43 बजे चंद्रयान-2 का सफल प्रक्षेपण श्रीहरिकोटा से किया गया। इससे भारतीय वैज्ञानिकों को शक्ति और क्षमता का प्रदर्शन हुआ है। लोकसभा में सूचना का अधिकार (संशोधन) विधेयक 2019 पर विचार तथा पारित किये जाने के लिए चर्चा जारी है। बता दें कि सदन में आज राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग विधेयक पेश किया गया। इससे पहले सूचना का अधिकार (संशोधन) विधेयक 2019 पर विचार तथा पारित किये जाने के लिए चर्चा की गई। राज्यसभा में विपक्ष द्वारा भारी हंगामे के कारण सदन को तीसरी बार स्थगित कर दी गई।
सांसद रामचंद्र पासवान और पूर्व सांसद व दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को श्रद्धांजलि देने के बाद को लोक सभा की कार्यवाही दोपहर 2.00 बजे तक व राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। दोबारा कार्यवाही शुरू होने के बाद राज्यसभा में टीएमसी और कांग्रेस सांसदों ने हंगामा किया जिसकी वजह से दोबारा सदन की कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
- राज्यसभा में एक ओर कांग्रेस कर्नाटक के मुद्दे पर दूसरी ओर टीएमसी अपने सांसदों को वाराणसी एयरपोर्ट पर हिरासत में लेने के मुद्दे पर हंगामा कर रही है।
- लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने राम चंद्र पासवान और शीला दीक्षित को श्रद्धांजलि अर्पित की। एक मिनट तक सदन में सभी सांसदों ने मौन रह कर उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की।
- लोकसभा में आज तीन महत्वपूर्ण व विवादित विधेयकों को पेश किया जाना है। ये तीन - नेशनल मेडिकल कमिशन विधेयक, सूचना का अधिकार संशोधन विधेयक, मोटर व्हिकल संशोधन विधेयक 2019 हैं।
- राज्यसभा में मानवाधिकार संरक्षण संशोधन विधेयक 2019 व विनियोग विधेयक 2019 पर विचार किया जाना है और तब इसे पारित किया जाएगा।
सोनभद्र में लोगों से मिलने के लिए राजनीतिक नेताओं को रोके जाने के मामले पर लोकसभा में छ: कांग्रेस सांसदों द्वारा स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया गया था। कर्नाटक में संवैधानिक संकट मामले पर कांग्रेस सांसद बीके हरिप्रसाद ने नियम 267 के तहत राज्यसभा में नोटिस दिया। बता दें कि संसद परिसर में कांग्रेस सांसदों द्वारा सोनभद्र कांड पर धरना प्रदर्शन किया गया।