#Me Too को लेकर मेनका ने सभी राजनीतिक दलों से यौन प्रताड़ना समिति बनाने को कहा
केंद्रीय एचआरडी मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने गुरुवार को कहा कि केवल कार्यस्थल पर ही नहीं हर जगह महिलाओं का सम्मान होना चाहिए।
नई दिल्ली, प्रेट्र। मी टू आंदोलन जारी रहने के बीच महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से यौन प्रताड़ना के मामलों की जांच के लिए तत्काल प्रभाव से आंतरिक समिति गठित करने का आग्रह किया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उन्होंने छह राष्ट्रीय पार्टी और 59 क्षेत्रीय पार्टियों से आंतरिक शिकायत समिति गठित करने को कहा है। पार्टियों से उन्होंने इसे अपनी वेबसाइट पर इसे पोस्ट करने को भी कहा है।
हम हर किसी को प्रताड़ना से बचाना चाहते हैं: मेनका
मेनका ने कहा, 'हम हर किसी को प्रताड़ना से बचाना चाहते हैं। कार्यस्थल पर महिलाएं इसका शिकार होती हैं। मैंने सभी राजनीतिक दलों से आंतरिक शिकायत समिति गठित करने को कहा है। कानून में इसका प्रावधान है। हम जब कह रहे हैं कि हर संगठन के पास आंतरिक शिकायत समिति होनी चाहिए तो राजनीतिक दलों को इससे बाहर क्यों रखा जाए?'
क्या कहता है कानून
कार्यस्थल पर यौन प्रताड़ना (रोकथाम, निषेध एवं समाधान) अधिनियम की धारा 4 में हर संगठन जहां महिलाएं कर्मचारी हैं, के लिए आंतरिक शिकायत समिति गठित करना अनिवार्य है। यह समिति एक वरिष्ठ महिला कर्मचारी के नेतृत्व में होनी चाहिए।
बॉलीवुड ने भी उठाया कदम
मेनका ने इससे पहले सभी बॉलीवुड प्रोडक्शन हाउस से आंतरिक शिकायत समिति गठित करने के लिए कह चुकी हैं। इसके बाद सात प्रोडक्शन हाउस ने ऐसी समिति गठित कर दी है।
तनुश्री दत्ता से चला अभियान
भारत में ऑनलाइन मी टू आंदोलन के तहत कई प्रमुख हस्तियों के खिलाफ यौन प्रताड़ना के आरोप सामने आ चुके हैं। इसकी शुरुआत अभिनेत्री तनुश्री दत्ता द्वारा नाना पाटेकर के खिलाफ आरोप लगाने के बाद हुई। एमजे अकबर बुधवार को विदेश राज्य मंत्री के पद से इस्तीफा दे चुके हैं।
जीओएम गठित करेगी सरकार
महिला एवं बाल विकास मंत्री ने ऐसे आरोपों की जांच करने के लिए पिछले सप्ताह उच्च स्तरीय समिति गठित करने का प्रस्ताव किया था। इसके बाद केंद्र सरकार ने मंत्रियों का समूह गठित करने का फैसला लिया है। बुधवार को सरकारी सूत्रों ने कहा कि गृह मंत्री राजनाथ सिंह इस समूह के अध्यक्ष हो सकते हैं।
हर जगह हो महिलाओं का सम्मान: जावड़ेकर
केंद्रीय एचआरडी मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने गुरुवार को कहा कि केवल कार्यस्थल पर ही नहीं हर जगह महिलाओं का सम्मान होना चाहिए। केंद्रीय मंत्री ने हालांकि एमजे अकबर के इस्तीफे पर टिप्पणी करने से मना कर दिया।
एनसीडब्ल्यू ने ईमेल एड्रेस जारी किया
राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने कार्यस्थल पर यौन प्रताड़ना की घटनाओं की जानकारी देने के लिए ईमेल एड्रेस जारी किया है। आयोग को महिलाओं की कई शिकायतें मिली हैं। सोशल मीडिया पर मी टू आंदोलन के तहत महिलाओं ने अपने साथ हुए दुर्व्यवहार के बारे में बताया है। इसके बाद आयोग ने यह कदम उठाया है।