कांग्रेस से दूर रहें विपक्षी पार्टियां, कहीं बाद में #MeToo न कहना पड़े : राजनाथ
केंद्रीय गृहमंत्री और भाजपा नेता राजनाथ सिंह ने कांग्रेस के साथ गठबंधन करने वाली पार्टियों को आगाह किया है। उन्होंने कहा, कहीं ऐसी पार्टियों को बाद में ,MeToo न कहना पड़े।
हैदराबाद [आइएएनएस/प्रेट्र]। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने 'मी टू' अभियान के नाम पर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधा है। उन्होंने शनिवार को कहा कि कांग्रेस के साथ जो भी गया, उसे मिटने से दुनिया की कोई ताकत नहीं बचा पाई।
गृह मंत्री ने क्षेत्रीय पार्टियों को चेताते हुए कहा, 'बाद में कहीं ऐसे हालात न हो जाएं कि सारी विपक्षी पार्टियां गठबंधन कर लें और बाद में कांग्रेस से धोखा खाकर मी टू अभियान चलाने के लिए मजबूर हो जाएं।'
भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा की मजबूती देखकर अन्य राजनीतिक दल घबराये हुए हैं इसीलिए एक साथ मिलकर चुनाव लड़ने के लिए साथ आ रहे हैं। उनके पास राष्ट्रहित से जुड़ा कोई एजेंडा नहीं है। उनका सिर्फ एक ही एजेंडा है, 'मोदी रोको'।
उन्होंने भाजयुमो कार्यकर्ताओं से कठिन परिश्रम करने का आह्वान किया ताकि अगले लोकसभा चुनाव में पार्टी 350 सीटें जीत सके। कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी इस सम्मेलन को संबोधित करेंगे।