शिवराज के ऑडियो-वीडियो क्लिप को लेकर धरना देने जा रहे कांग्रेस के 30 नेता गिरफ्तार
इंदौर में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कथित भाषण की ऑडियो-वीडियो क्लिप को लेकर विरोध प्रदर्शन का प्रयास कर रहे कांग्रेस के 30 नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
इंदौर, पीटीआइ। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) के कथित भाषण की ऑडियो-वीडियो क्लिप को लेकर विरोध प्रदर्शन का प्रयास कर रहे करीब 30 कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। प्रदर्शनकारियों में इंदौर ईकाई के कांग्रेस अध्यक्ष भी शामिल थे। इन्हीं क्लिप का हवाला देकर कांग्रेस आरोप लगा रही है कि राज्य में पूर्व की कमलनाथ सरकार भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के इशारे पर ही गिराई गई थी।
जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि कांग्रेस नेताओं को पहले ही लिखित में बता दिया गया था कि कोरोना के प्रकोप के चलते शहर में किसी भी तरह के प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी जा सकती है। इसके बावजूद कांग्रेस नेता इंदौर के अध्यक्ष विनय बाकलीवाल (Vinay Bakliwal) की अगुवाई में कलेक्ट्रेट भवन के सामने सड़क पर धरना देने का प्रयास कर रहे थे। बाकलीवाल समेत कांग्रेस के 30 नेताओं को गिरफ्तार कर लिया गया।
अधिकारी ने बताया कि उक्त गिरफ्तारियां दंड प्रक्रिया संहिता यानी सीआरपीसी की धारा-151 (एहतियातन गिरफ्तारी) के आधार पर गईं। हालांकि गिरफ्तार कांग्रेस नेताओं को बाद में निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया। वहीं कांग्रेस नेताओं ने नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा ने कमलनाथ सरकार को गिराने का काम किया था। उक्त क्लिप के हवाले से कांग्रेस आरोप लगा रही है कि इसमें शिवराज मान रहे हैं कि कमलनाथ सरकार केंद्रीय नेतृत्व के इशारे पर गिराई गई थी।
हालांकि अभी तक मुख्यमंत्री चौहान के भाषण को लेकर कांग्रेस की ओर से जारी की गई ऑडियो-वीडियो क्लिप की प्रामाणिकता की अभी तक पुष्टि नहीं हो पाई है। उल्लेखनीय है कि सूबे की 24 विधानसभा सीटों पर आने वाले दिनों में उपचुनाव होनें हैं। लेकिन अभी से इन क्लिप को लेकर सियासत गरमा गई है। यही नहीं इन क्लिप्स को लेकर भाजपा और कांग्रेस में आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी है।