कर्नाटक के मुख्यमंत्री बनाए जाने के सवाल पर प्रहलाद जोशी ने कहा, केंद्रीय नेतृत्व ने नहीं दी कोई जानकारी
उन्होंने कहा कि इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गृह मंत्री अमित शाह के साथ भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ही कोई फैसला लेंगे। भाजपा में भी हाईकमान है लेकिन यह पार्टी का शीर्ष नेतृत्व है। हमारी पार्टी में शीर्ष पर अलग-अलग समय में अलग-अलग नेता रहे हैं।
हुबली, प्रेट्र। केंद्रीय कोयला, खनन और संसदीय मामलों के मंत्री प्रलहाद जोशी ने शनिवार को यहां कहा कि मौजूदा मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के स्थान पर उनकी ताजपोशी के बारे में केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें कोई जानकारी नहीं दी है। इस बारे में सिर्फ मीडिया में ही चर्चा हो रही है।
यह पूछे जाने पर कि यदि उन्हें मुख्यमंत्री बनाया जाता है तो क्या होगा इस पर उन्होंने कहा कि अवधारणा पर आधारित इस तरह के सवालों का वे कोई जवाब नहीं देना चाहते। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि मुख्यमंत्री को इस्तीफा देने के लिए कहा गया है।
उन्होंने कहा कि इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह के साथ भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ही कोई फैसला लेंगे। भाजपा में भी हाईकमान है लेकिन यह पार्टी का शीर्ष नेतृत्व है। हमारी पार्टी में शीर्ष पर अलग-अलग समय में अलग-अलग नेता रहे हैं। कभी राजनाथ सिंह थे तो उनके बाद नितिन गडकरी ने कमान संभाली। उसके बाद अमित शाह और अब जेपी नड्डा है। इन सबसे ऊपर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। यही लोग कर्नाटक पर कोई निर्णय लेंगे।