अनुराग ठाकुर का राहुल गांधी पर पलटवार, बोले- भाग कौन रहा; हमारे मंत्री निभा रहे अपनी जिम्मेदारी
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि चीन जब हमारी जमीन पर अतिक्रमण करने का प्रयास कर रहा था उस समय राहुल चीनी अधिकारियों के साथ गुप्त बैठकें कर रहे थे। कांग्रेस नेता ने कभी इसका जवाब नहीं दिया कि वह चीनी अधिकारियों से क्यों मिले?
ठाणे, एएनआई। ओडिशा ट्रेन दुर्घटना में 'जवाबदेही' को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा सवाल उठाए जाने पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और अन्य मंत्री अत्यंत समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का पालन कर रहे हैं।
पत्रकारों से बात करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा,
जवाबदेही से कौन भाग रहा है? हम अपने कर्तव्यों का पालन करने के लिए वहां पर गए थे। हमारे रेल मंत्री वहां गए और अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी वहां गए। हमारे सभी वरिष्ठ मंत्री वहां गए और मौके पर राहत अभियान की प्रक्रिया तेज कर दी।
अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि चीन जब हमारी जमीन पर अतिक्रमण करने का प्रयास कर रहा था, उस समय राहुल चीनी अधिकारियों के साथ गुप्त बैठकें कर रहे थे।
उन्होंंने कहा कि कांग्रेस नेता ने कभी इसका जवाब नहीं दिया कि वह चीनी अधिकारियों से क्यों मिले? उन्होंने कभी नहीं बताया कि राजीव गांधी फाउंडेशन को चीन से कितने डालर मिले?
ममता बनर्जी में 'ममता' नहीं
अनुराग ठाकुर ने ओडिशा ट्रेन दुर्घटना में मृतकों की संख्या को लेकर सवाल उठाने पर बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा। कहा कि इतनी दुखद घटना को लेकर उनमें कोई 'ममता' नहीं है। ऐसे मुद्दों पर किसी को राजनीति नहीं करनी चाहिए। जिन लोगों ने दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोया है, यह समय उनके साथ खड़े होने का है।