कर्नाटक: कांग्रेस की फाइनल लिस्ट जारी, भगोड़े मेहुल चौकसी के वकील का कटा टिकट
कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की आखिरी लिस्ट। भगोड़े मेहुल चौकसी के वकील का काटा टिकट।
बेंगलुरु (एजेंसी)। कांग्रेस ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की दूसरी और आखिरी सूची रविवार को जारी की। इस सूची में 11 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की है। इस सूची में कई बदलाव किए गए हैं, जिसमें भगोड़े अरबपति हीरा कारोबारी मेहुल चौकसी के वकील एचएस चंद्रमौली का टिकट काट दिया गया है। चंद्रमौली मदेकरी से चुनाव लड़ने वाले थे।
नई सूची में कांग्रेस ने पार्टी के मौजूदा विधायक एनए हैरिस को भी टिकट दिया है। एक हफ्ते तक विधायक को होल्ड पर रखने के बाद कांग्रेस ने बेंगलुरू के शांतिनगर विधानसभा से उन्हें दोबारा टिकट दिया है। दरअसल, राज्य कांग्रेस ने एक महीने पहले एनए हैरिस के बेटे मोहम्मद नलपद के बेंगलुरु पब में मारपीट करने के कारण उन्हें टिकट न देने का फैसला किया था। क्योंकि इसके कारण पार्टी को भी फजीहत झेलनी पड़ी थी।
वहीं, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को एक और सीट से टिकट दिया है। सिद्धरमैया को बागलकोट जिले की बादामी विधानसभा सीट से भी चुनाव लड़ेंगे। वे पहले ही चामुंडेश्वरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। इस तरह मुख्यमंत्री दो सीटों से चुनाव लड़ेंगे। बता दें कि राज्य में 224 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव 12 मई को होना है।