दिल्ली हिंसा पर लोकसभा में बोले नित्यानंद राय- 120 FIR हुई दर्ज, सोशल मीडिया पर रखी जा रही है नजर
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने दिल्ली हिंसा पर लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा- अफवाहों से बचने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर नजर रखी जा रही है।
नई दिल्ली, एएनआइ। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने दिल्ली हिंसा पर लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा, 'शहर में कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने कई कदम उठाए हैं। हिंसा प्रभावित इलाकों में पर्याप्त पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।' उन्होंने कहा कि 120 एफआईआर दर्ज की गई हैं। दिल्ली के हिंसा प्रभावित इलाकों में धारा 144 लगा दी गई है। पुलिस ने इन इलाकों में फ्लैग मार्च किया। अफवाहों के प्रसार से बचने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर नजर भी रखी जा रही है।
नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ और समर्थन के दौरान उत्तर-पूर्वी दिल्ली में भड़की हिंसा ने दिल्ली को जला दिया था। दिल्ली में हुई इस हिंसा में अब तक 45 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। हिंसा फैलाने के आरोप में पुलिस ने करीब 800 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है। हिंसा में कई घायलों को इलाज अभी भी अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है।