केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने गंगा की स्वच्छता को लेकर कही ये बड़ी बात
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने नागपुर में शनिवार को भाजपा के अनुसूचित जाति (एससी) मोर्चा की एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मार्च 2020 तक गंगा शत प्रतिशत स्वच्छ होगी।
नागपुर,एजेंसी। केंद्रीय जल संसाधन,नदी विकास और गंगा संरक्षण मंत्री नितिन गडकरी ने नागपुर में शनिवार को भाजपा के अनुसूचित जाति (एससी) मोर्चा की एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मार्च 2020 तक गंगा शत प्रतिशत स्वच्छ होगी।वर्तमान में इसके लिए 26,000 करोड़ की परियोजना चल रही है। गंगा को स्वच्छ बनाने की कवायद शुरू हो गई है। इस साल मार्च तक 30-40 फीसद और अगले साल मार्च तक गंगा 100 फीसदी साफ हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि वह गंगा की सफाई के लिए किए गए काम का "जिलावार, राज्यवार और परियोजनावार" रिकॉर्ड दे सकते हैं। गडकरी ने कहा 'हम न केवल गंगा,बल्कि इसकी 40 सहायक नदियों पर भी काम कर रहे हैं। लगभग 800 करोड़ रुपये की परियोजनाएं यमुना का कायाकल्प करने के लिए चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि गंगा गंगा की अविरलता के लिए उसमें 20 फीसदी अधिक जल छोड़ा गया है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा 'स्वच्छ गंगा का हमारा सपना साकार होगा। इसे सुशासन कहा जाता है।' बता दें कि केंद्र सरकार ने गंगा और उसकी सहायक नदियों के कायाकल्प के लिए 13 मई,2015 को 'नमामि गंगे'कार्यक्रम को मंजूरी दी थी।