अगला लक्ष्य PoK में तिरंगा फहराना, अनुच्छेद 370 सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि: जितेंद्र सिंह
जितेंद्र सिंह ने कहा कि मानवाधिकार की बातें करने वाले अमेरिका से ही सबसे ज्यादा नशे और ई सिगरेट की तस्स्करी हो रही है।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। प्रधानमंत्री कार्यालय के राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि अनुच्छेद 370 हटाना मोदी सरकार के पहले 100 दिन की सबसे बड़ी उपलब्धि है। इससे देश के साथ जम्मू-कश्मीर और लद्दाख का संपूर्ण एकीकरण हो गया है। ऐसे में हमारा अगला लक्ष्य गुलाम कश्मीर में तिरंगा लहराना है।
मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस में मोदी सरकार की उपलब्धियों को बताते हुए जितेंद्र सिंह ने पाकिस्तान को भी आईना दिखाया। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 हटने का राग अलापने वाला पाकिस्तान अब खुद पूरी दुनिया में एक्सपोज हो गया है। पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों के साथ बुरा व्यवहार हो रहा है। भारत में अल्पसंख्यक सुरक्षित हैं। मानवाधिकार की बातें करने वाले अमेरिका से ही सबसे ज्यादा नशे और ई सिगरेट की तस्स्करी हो रही है।
कश्मीर में आतंकवादियों के नागरिकों को निशाना बनाने पर उन्होंने स्पष्ट किया कि कश्मीर में आतंकवाद अब चंद दिनों का है। अब सीमा के अंदर और सीमा के पार देश के दुश्मनों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई हो रही है। सीमा पर पाकिस्तान की गोलाबारी पर सिंह ने कहा कि जम्मू कश्मीर में और बंकर बनाने का मुद्दा केंद्र सरकार के सामने उठाया गया है। उन्होंने बताया कि सीमांत क्षेत्रों के दौरे के दौरान सुनिश्चित किया गया कि अच्छे बंकर बन रहे हैं। इनमें रसोई और शौचालय भी है।
18 महीने से ज्यादा नहीं रहना होगा जेल में
वहीं, कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए उन्होंने कहा कि जो 72 सालों में नहीं किया, हमने वह तीन महीने में कर दिखाया। हम 72 घंटे में केंद्र शासित प्रदेश को फिर से राज्य बना सकते हैं। ¨सह ने कहा कि इस समय एक सवाल अहम है कि नेता कब तक नजरबंद रहेंगे, मैं विश्वास दिलाता हूं कि यह 18 महीनों से कम ही होगा।
कश्मीर में बंद नहीं, सिर्फ प्रतिबंध
कश्मीर के हालात पर उन्होंने कहा कि कश्मीर बंद नहीं है, वहां पर सिर्फ प्रतिबंध हैं। कुछ हफ्तों में हालात ठीक हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि इंटरनेंट पर प्रतिबंध हटाए गए थे, लेकिन बीबीसी पर फर्जी वीडियो आने के बाद फिर से प्रतिबंध लगाना पड़ा। उन्होंने कहा सरंपचों से बैठक में गृहमंत्री ने विश्वास दिलाया है कि चंद हफ्तों में प्रतिबंध हटा दिया जाएगा।