यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 09, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
President Election 2022: एनडीए नेताओं की 10 जुलाई को होगी बैठक, पीएम मोदी भी होंगे शामिल
President Election 2022 राष्ट्रपति चुनाव को देखते हुए एनडीए नेताओं की दिल्ली में 10 जुलाई को बैठक होगी। इस बैठक ...और पढ़ें

नई दिल्ली, एएनआइ। एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) के नेताओं की 10 जुलाई की शाम दिल्ली में एक बैठक होगी। यह बैठक संसद के मानसून सत्र (Parliament Monsoon Session) और 18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव से पहले हो रही है। इस बैठक में एनडीए नेताओं की रणनीति पर विस्तृत चर्चा होगी। सूत्रों के हवाले से यह जानकारी सामने आई है।
बैठक में शामिल हो सकते हैं पीएम मोदी
सूत्रों का यह भी कहना है कि इस बैठक के दौरान एनडीए के दोनों सदनों के सभी सांसदों को चुनाव में भाग लेने की प्रक्रिया के बारे में बताया जाएगा। पूरी प्रक्रिया का माक ड्रिल भी कराकर सदस्यों को दिखाया जाएगा। सूत्रों ने बताया कि इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी हिस्सा लेंगे। एनडीए सांसदों के लिए बैठक के बाद रात्रि भोज की भी व्यवस्था की गई है।
द्रौपदी मुर्मू ने 24 जून को दाखिल किया नामांकन
- राष्ट्रपति चुनाव के लिए एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने 24 जून को अपना नामांकन दाखिल किया था।
- मुर्मू भारत के इतिहास में पहली आदिवासी महिला हैं, जिन्हें राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया गया है।
- निर्वाचित होने के बाद वह भारत की पहली आदिवासी राष्ट्रपति और दूसरी महिला राष्ट्रपति होंगी।
ओडिशा से पहली उम्मीदवार बनीं द्रौपदी मुर्मू
द्रौपदी मुर्मू निर्वाचित होने के बाद ओडिशा से राष्ट्रपति बनने वाली पहली उम्मीदवार होंगी। अपने सहयोगियों के अलावा, एनडीए के उम्मीदवार मुर्मू को वाईएसआर कांग्रेस, बीजद और अकाली दल का भी समर्थन प्राप्त है। बता दें, देश के वर्तमान राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द का कार्यकाल 24 जुलाई 2022 को समाप्त हो रहा है।
21 जुलाई को होगी मतगणना
एनडीए की ओर से द्रौपदी मुर्मू और विपक्ष की ओर से यशवंत सिन्हा को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया गया है। राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन 29 जून तक दाखिल हुआ था। 30 जून को मतपत्रों की जांच की गई। अब 18 जुलाई को चुनाव होगा। मतगणना 21 जुलाई को होगी।
