विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'चुनाव जनता के समर्थन से जीते जाते हैं, प्रदर्शनों से नहीं', विपक्ष पर बरसे जेपी नड्डा

Published: Wed, 28 Oct 2026 03:03 AM (IST)

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता जेपी नड्डा ने मंगलवार को दावा किया कि वर्ष 2029 में भी नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजग की सरकार बनेगी।

2029 में भी मोदी के नेतृत्व में बनेगी राजग की सरकार : नड्डा

2029 में भी मोदी के नेतृत्व में बनेगी राजग की सरकार : नड्डा

HighLights

  1. नड्डा ने कहा, चुनाव जनता के समर्थन से जीते जाते हैं, विरोध प्रदर्शनों से नहीं

  2. भारत में न तो बांग्लादेश जैसी और न ही अल्बानिया जैसी स्थिति पैदा हो सकती

पीटीआई, अहमदाबाद। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता जेपी नड्डा ने मंगलवार को दावा किया कि वर्ष 2029 में भी नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजग की सरकार बनेगी।

उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने तथा चुनाव आयोग पर सवाल उठाकर जनता के बीच अविश्वास पैदा करने का आरोप लगाया।

अहमदाबाद के वाडज क्षेत्र में भाजपा की पदयात्रा को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि भारत 140 करोड़ लोगों का देश और दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। यहां न तो बांग्लादेश जैसी और न ही अल्बानिया जैसी स्थिति पैदा होगी।

उन्होंने कहा कि चुनाव जनता के समर्थन से जीते जाते हैं, विरोध प्रदर्शनों और रैलियों से नहीं। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी भाजपा के लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत आयोजित पदयात्रा में शामिल हुए।

नड्डा ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का बचाव करते हुए विपक्ष के उन आरोपों को खारिज किया, जिनमें करीब 13 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए जाने की बात कही गई है।

उन्होंने दावा किया कि इस आंकड़े में अनुपस्थित मतदाता, दूसरे स्थानों पर जा चुके लोग, दोहरी प्रविष्टियां और मृत मतदाता शामिल हैं। उनके अनुसार, एसआईआर का उद्देश्य अपात्र मतदाताओं के नाम हटाना है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव हारने पर चुनाव आयोग पर सवाल उठाती है, जबकि जीतने पर जनता के समर्थन का दावा करती है।

नड्डा ने 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान गिर के जंगल में एकमात्र मतदाता के लिए मतदान केंद्र स्थापित किए जाने का उदाहरण भी दिया।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता पर की गई टिप्पणी की आलोचना करते हुए नड्डा ने कहा कि भाजपा इसका जवाब चुनावी जीत से देगी।