शहीद के परिवार को मिलेगी एक करोड़ रुपये की सहायता राशि, गृहमंत्री ने की कई अहम घोषणाएं
गृहमंत्री ने कहा आइटीबीपी के विभिन्न केंद्रों में फैमिली वेलफेयर केंद्र विकसित किए जा रहे हैं। साथ ही शहीद के परिजनों को दी जाने वाली सहायता राशि को भी बढ़ा कर एक करोड़ किया जाएगा।
नोएडा, जेएनएन। देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले शहीदों के परिजनों की हर समस्याएं दूर की जाएंगी। इसके लिए भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आइटीबीपी) के विभिन्न केंद्रों में फैमिली वेलफेयर केंद्र विकसित किए जा रहे हैं। साथ ही शहीद के परिजनों को दी जाने वाली सहायता राशि को भी बढ़ा कर एक करोड़ किया जाएगा।
ये बातें केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कही हैं। बृहस्पतिवार को ग्रेटर नोएडा स्थित 39वीं वाहिनी आइटीबीपी कैंप में केंद्रीय गृहमंत्री ने सैनिक कल्याण को लेकर कई अहम घोषणाएं की। उन्होंने कहा कि आइटीबीपी के जवान माइनस 30 डिग्री में दुश्मनों का मुकाबला कर रहे हैं। आइटीबीपी क्षेत्र की कुछ चौकी ऐसी हैं, जहां अभी तक सड़क मार्ग नहीं हैं। ऐसे क्षेत्रों में निगरानी को बढ़ाने के लिए आइटीबीपी को दो हेलीकॉप्टर दिए जा रहे हैं।
गृहमंत्री ने कहा अभी शहीद के परिजन को दी जाने वाली सहायता राशि बेहद कम हैं। शहीद के परिजनों को कम से एक करोड़ रुपये की सहायता राशि मिलनी चाहिए। इसके लिए गृह मंत्रालय प्रस्ताव तैयार कर रहा है। जल्द ही इस व्यवस्था को लागू कराया जाएगा।
उन्होंने जवानों के साहस व दृढ़ता की तारीफ करते हुए कहा कि काफी समय से जवानों का प्रमोशन रुका हुआ है। मंत्रालय ने इस पर भी अमल शुरू कर दिया है। हाल में ही करीब पांच हजार जवानों व अधिकारियों को पदोन्नति दी गई है। 39वीं वाहिनी परिसर में सबसे बड़े 200 बेड के रेफरल अस्पताल का शुभारंभ करते हुए उन्होंने कहा कि यह चिकित्सा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। भविष्य में इस अस्पताल को भलीभांति संचालित करने की चुनौती होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यहां डॉक्टर व चिकित्सा सुविधा की कमी नहीं होने दी जाएगी।