बुराई पर अच्छाई की जीत, पीएम मोदी ने छोड़ा तीर, धू-धू कर जला रावण का पुतला
पीएम के दशहरा पर्व में शामिल होने को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। एसपीजी के साथ पैरामिलिट्री और दिल्ली पुलिस के जवान तैनात हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व दशहरा पर्व देशभर में धूमधाम से मनाया जा रहा है। रावण दहन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद दिल्ली के रामलीला मैदान पहुंचे। यहां पीएम मोदी के साथ भाजपा दिल्ली अध्यक्ष मनोज तिवारी और केंद्रीय मंत्री नेता डॉ. हर्षवर्धन भी मौजदू हैं।आयोजकों ने पीएम मोदी, राष्ट्रपति कोविंद, मनोज तिवारी और डॉ. हर्षवर्धन को सम्मानित भी किया।
दिल्ली की ऐतिहासिक 'लवकुश रामलीला' में पीएम मोदी ने तीर छोड़ा और यहां बुराई के प्रतीक रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन हुआ। परंपरा के मुताबिक पीएम मोदी ने भगवाव श्री राम, माता सीता, लक्ष्मण और पवन पुत्र हनुमान की आरती की इसके बाद रावण के पुतले पर प्रतीकात्मक तीर मारा। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने देश वासियों को विजयदशमी की बधाई दी। उन्होंने कहा कि हमें अपने जीवन में राम के आचरण का पालन करना चाहिए।
पीएम के दशहरा पर्व में शामिल होने को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। एसपीजी के साथ पैरामिलिट्री और दिल्ली पुलिस के जवान तैनात हैं। पीएम मोदी ने विजयदशमी के पावन पर्व पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।
बुराई पर अच्छाई की विजय का पर्व दशहरा इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली में ही मना रहे हैं। उन्होंने लालकिला में आयोजित रामलीला में प्रतीकात्मक तीर छोड़कर रावण का वध किया। यह तीसरा अवसर है जब पीएम मोदी विजयदशमी राष्ट्रीय राजधानी में मना रहे हैं। पिछले वर्ष व वर्ष 2014 में भी प्रधानमंत्री ने दशहरा दिल्ली में मनाया था।
भाजपा नेताओं ने निभाई अहम भूमिका
लवकुश रामलीला समिति के अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने बताया था कि विशिष्ट अतिथि विधि विधानपूर्वक राम, लक्ष्मण, सीता व हनुमान की आरती उतारेंगे। इसके बाद आगे का कार्यक्रम शुरू होगा। खास बात ये है कि जिस रामलीला के मंच पर प्रधानमंत्री आए वहां उनके मंत्रीमंडल के दो सदस्यों डॉ. हर्षवर्धन व विजय सांपला ने रामलीला के पात्रों की भूमिका निभाई है। इसके अलावा दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता व दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने भी इस मंच पर अभिनय किया है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए
दशहरे के मौके पर दिल्ली पुलिस ने लाल किला मैदान व आसपास सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए हैं। सीसीटीवी कैमरों से चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है। इस दौरान लाल किला आसपास लोगों की भारी भीड़ जुटेगी। इसे देखते हुए आसपास मार्ग डायवर्जन लागू किया गया है। साथ ही यहां पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।