कंपकंपाती ठंड में सियासत को आंच देगी कांग्रेस, नववर्ष की पूर्वसंध्या पर पार्टी के नेता करेंगे भूख हड़ताल
दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने कहा कि हमें दिल्ली की जनता से सहानुभूति है और हम दिल्ली की बदहाली को लेकर चिंतित भी हैं।
संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जल्द ही होने की संभावना के बीच दिल्ली में सियासी सरगर्मियां भी जोर पकड़ने लगी हैं। भाजपा एवं आप तो एक दूसरे पर लगातार हमलावर हैं, अब कांग्रेस भी त्रिकोणीय मुकाबले का आधार बनाने में जुट चुकी है। इसी कड़ी में आप के रिपोर्ट कार्ड की पोस्टमार्टम रिपोर्ट जारी करने के बाद अब पार्टी दिल्ली के सभी मुद्दों को लेकर कंपकंपाती ठंड में सड़क पर उतरने की तैयारी कर रही है।
कांग्रेस के प्रचार रथ हर विधानसभा क्षेत्र में घूमते नजर आएंगे
प्रदेश इकाई इस मुद्दे को हर विधानसभा क्षेत्र तक लेकर जाना चाहती है कि बीते पांच साल में दिल्ली का विकास ठहर गया है। किसी भी क्षेत्र में धरातल पर कोई काम नहीं हुआ। इसे लेकर पूरा अभियान तैयार किया जा रहा है। जल्द ही पार्टी के प्रचार रथ भी हर विधानसभा क्षेत्र में घूमते नजर आएंगे। इनके माध्यम से दिल्लीवासियों को बताया जाएगा कि शीला दीक्षित सरकार के 15 साल में दिल्ली का कितना विकास हुआ और अब आप सरकार के कार्यकाल में किस तरह केवल दावे किए गए हैं जबकि हकीकत जीरो है।
दिल्ली की बदहाली को मुद्दा बनाकर हाड़ कंपकंपा देने वाली ठंड के बीच सड़क पर उतरेगी कांग्रेस
सूत्र बताते हैं कि पार्टी पदाधिकारियों की एक उच्चस्तरीय बैठक में दिल्ली की बदहाली को मुद्दा बनाते हुए ही हाड़ कंपकंपा देने वाली ठंड के बीच सड़क पर उतरने की रणनीति भी बनाई गई है। दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा सहित अनेक वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता नववर्ष के जश्न पर प्रश्न चिह्न लगाते हुए सड़क पर भूख हड़ताल करेंगे।
नए साल की पूर्व संध्या पर भूख हड़ताल की योजना
कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क के आसपास भूख हड़ताल नए साल की पूर्व संध्या पर करने की योजना है। पार्टी नेता और कार्यकर्ता रात भर सड़क पर बैठेंगे और सवाल उठाएंगे कि अनधिकृत कॉलोनियों एवं विकास के मुददे पर कोरी राजनीति क्यों? आखिर कब तक राजधानी की जनता को गुमराह किया जाता रहेगा?
कांग्रेस को है दिल्ली की जनता से सहानुभूति
दिल्ली में पिछले पांच साल से आप सरकार राज कर रही है, लेकिन इस सरकार की एक भी ऐसी उपलब्धि नहीं है जिससे राजधानी को गति मिली हो। किसी भी योजना का बजट तक पूरा खर्च नहीं किया जा सका। केवल मुफ्तखोरी की घोषणाएं कर दोबारा सत्ता हासिल करने की तैयारी चल रही है। इसीलिए हमें दिल्ली की जनता से सहानुभूति है और हम दिल्ली की बदहाली को लेकर चिंतित भी हैं। हमारी यह भूख हड़ताल इसी स्थिति का प्रतीकात्मक विरोध होगा-सुभाष चोपड़ा, अध्यक्ष, दिल्ली कांग्रेस।