नड्डा ने कहा- दिल्ली में संत रविदास जी का भव्य मंदिर निर्माण के लिए भाजपा प्रतिबद्ध
नड्डा ने कहा कि संत गुरु रविदास जी के उपदेश एकता और भाईचारे के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अपने संदेश से समाज को एक सूत्र में पिरोने का काम किया।
नई दिल्ली, प्रेट्र। संत रविदास की जयंती पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि एकता एवं भाईचारे का संदेश देने वाले संत रविदास जी के भव्य मंदिर निर्माण को भाजपा प्रतिबद्ध है।
संत रविदास जी ने सामाजिक कुरीतियों को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई
भाजपा अध्यक्ष ने यहां पार्टी मुख्यालय में संत रविदास के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। नड्डा ने बाद में पत्रकारों से कहा, 'संत रविदास जी ने अपनी रचनाओं से सामाजिक बुराइयों तथा कुरीतियों को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।' उन्होंने कहा, 'हमारी पार्टी संत रविदास जी के भव्य मंदिर निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।'
नड्डा ने कहा- संत गुरु रविदास जी ने समाज को एक सूत्र में पिरोने का काम किया
नड्डा ने कहा कि संत गुरु रविदास जी के उपदेश एकता और भाईचारे के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अपने संदेश से समाज को एक सूत्र में पिरोने का काम किया।
नड्डा ने कहा- रविदास जी के बताए रास्तों पर चलने के लिए भाजपा कटिबद्ध
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, 'संत रविदास जी के बताए रास्तों पर चलकर पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ समाज को एकजुट रखेगा और इसके लिए हम सब कटिबद्ध हैं।' उन्होंने कहा कि देशभर में भाजपा के नेतृत्व में चल रही राज्य सरकारें संत रविदास के दर्शन को अपनाकर समाज के सभी वर्गो के कल्याण के लिए काम कर रही हैं।
राम मंदिर निर्माण की तारीख का एलान जल्द, ट्रस्ट की पहली बैठक 19 को
अयोध्या में मंदिर निर्माण की तिथि जल्द ही घोषित हो जाएगी। नव संवत्सर (25 मार्च) से हनुमत जयंती (आठ अप्रैल) के बीच कोई अच्छा मुहूर्त देखकर निर्माण की तारीख तय की जा सकती है। यह संकेत श्रीराम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य स्वामी वासुदेवानंद ने दिए। उन्होंने बताया कि पहली बैठक 19 फरवरी को दिल्ली में होगी, जिसमें मंदिर निर्माण को लेकर एजेंडा तय किया जाएगा। उन्होंने इस बात के संकेत दिए हैं कि श्रीराम मंदिर न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास भी ट्रस्ट में शामिल हो सकते हैं। भाजपा नेता कामेश्वर चौपाल ने भी ट्रस्ट की बैठक होने की पुष्टि की है।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में अध्यक्ष, कोषाध्यक्ष के नाम तय होंगे
उन्होंने बातचीत में कहा कि बैठक श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के वर्तमान कार्यालय यानी आर 20, ग्रेटर कैलाश, पार्ट-1, नई दिल्ली में होगी। बैठक में ट्रस्ट के और दो सदस्यों का चयन किया जाएगा। साथ ही अध्यक्ष, कोषाध्यक्ष के नाम भी तय होंगे। श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए अन्य प्रारंभिक विषयों पर भी बैठक में चर्चा होगी। साथ ही अगली बैठक की तारीख भी तय की जाएगी।