चंद्रबाबू नायडू ने आंध्र प्रदेश के सीएम पद से दिया इस्तीफा, जगनमोहन रेड्डी होंगे राज्य के नए सीएम
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने विधानसभा चुनाव मेें हार के बाद सीएम पद से इस्तीफा दे दिया है।
नई दिल्ली, एएनआइ। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया। नायडू ने अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप दिया है। आंध्र प्रदेश में लोकसभा चुनाव के साथ ही विधानसभा के चुनाव भी हुए। आज आए नतीजों में नायडू की तेलगू देशम पार्टी चुनाव हार गई।
आंध्र प्रदेश में नायडू की तेलगू देशम पार्टी ने कोई खास प्रदर्शन नहीं किया। टीडीपी 25 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। राज्य में वाईएसआर कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन किया। राज्य की 175 विधानसभा सीटों में से 149 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
चुनाव परिणाम में पार्टी का वोट शेयर देखा जाए तो वाईएसआर कांग्रेस को 50 फीसदी तो टीडीपी को 39.1 फीसदी वोट मिले हैं। दोनों ही पार्टियों के बीच 11 फीसदी मतों का अंतर बना हुआ है। यहां सीटों की बात करें तो यह अंतर और ज्यादा हो जाता है। राज्य की 25 लोकसभा सीटों में 22 पर वाईएसआर कांग्रेस के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। वहीं, सिर्फ तीन सीटों पर टीडीपी के उम्मीदवार आगे हैं।
बता दें कि वाईएस जगनमोहन रेड्डी पार्टी प्रमुख हैं, और वो पुलिवेंदुला सीट पर आगे चल रहे हैं। पार्टी की विधायक दल 25 मई को बैठक करेगी और जगन मोहन रेड्डी को नेता चुनेंगी। मिल रही जानकारी के अनुसार जगनमोहन रेड्डी 30 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ भी ले सकते हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप