नकवी बोले, 'धर्मनिरपेक्षता का चोला, साम्प्रदायिकता का झोला' कांग्रेस की नई पहचान
मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कमरे में टोपी, सड़क पर तिलक के जरिये सेक्युलर सियासत पर कम्युनल तड़का लगाने का इतिहास कांग्रेस का रहा है।
नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। देश के पांच राज्यों में हो रहे चुनावों के चलते राजनीतिक दलों के बीच जुबानी जंग तेज है। ऐसे में केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने सोमवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 'धर्मनिरपेक्षता का चोला, साम्प्रदायिकता का झोला' ही ग्रैंड ओल्ड कांग्रेस पार्टी की ब्रांड न्यू पहचान बन गयी है।
नकवी ने अल्पसंख्यक समाज की एक बैठक में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि, 'कमरे में टोपी, सड़क पर तिलक के जरिये' सेक्युलर सियासत पर कम्युनल तड़का लगाने का इतिहास कांग्रेस का हमेशा से रहा है। आज भी वह इसी राह पर है।
इसके इतर भाजपा नेता ने कहा कि समावेशी -सर्वस्पर्शी विकास ही भाजपा की राष्ट्र नीति है। नकवी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि 'तर्को की कंगाली ने कांग्रेस को कुतर्को का मवाली बना दिया है'। नकवी में प्रधानमंत्री पर हुए जुबानी हमलों पर पलटवार करते हुए कहा कि जिस तरह की भाषा कांग्रेस के नेता बोल रहे हैं, उससे उनकी मानसिक स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
चुनाव के इस मौसम में नकवी ने अपनी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए मोदी सरकार की पीठ थपथपाई और कहा कि सरकार ने अपने पहले ही दिन से गांव, गरीब, किसान, महिलाएं, युवाओं को केंद्र में रखकर काम किया है।
इसका नतीजा है कि आज समाज का हर जरूरतमंद, विकास का बराबर का हिस्सेदार और भागीदार बना है। जात-पात, धर्म-समुदाय, क्षेत्र के बंधन को तोड़ कर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने रिकॉर्ड तोड़ विकास कार्य किये हैं। सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का सबसे अधिक लाभ समाज के पिछड़े, कमजोर तबकों, जरूरतमंदों और अल्पसंख्यकों को हुआ है। सरकार इसी संकल्प के साथ भारत को विश्व गुरु बनाने के रास्ते पर आगे ले जा रही हैं।