Move to Jagran APP

MP Politics: उपचुनाव से पहले बिगड़े बोल, सोशल मीडिया पर राजनीतिक दल आमने-सामने

मध्य प्रदेश में विधानसभा की 27 सीटों पर आगामी उपचुनाव के चलते प्रदेश में राजनीतिक दलों की ओर से जारी बयानों के बोल बिगड़ गए हैं।

By Arun Kumar SinghEdited By: Published: Mon, 03 Aug 2020 06:15 AM (IST)Updated: Mon, 03 Aug 2020 06:15 AM (IST)
MP Politics: उपचुनाव से पहले बिगड़े बोल, सोशल मीडिया पर राजनीतिक दल आमने-सामने
MP Politics: उपचुनाव से पहले बिगड़े बोल, सोशल मीडिया पर राजनीतिक दल आमने-सामने

भोपाल, राज्‍य ब्‍यूरो। मध्य प्रदेश में विधानसभा की 27 सीटों पर आगामी उपचुनाव के चलते प्रदेश में राजनीतिक दलों की ओर से जारी बयानों के बोल बिगड़ गए हैं। अभी तक माना जाता रहा है कि प्रदेश में राजनीतिक दल एक-दूसरे पर छींटाकशी में भाषा का संयम बरतते हैं, लेकिन अब यह धारणा टूटने लगी है। प्रदेश में रविवार को सोशल मीडिया पर इसकी बानगी भी दिखी। कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जीतू पटवारी ने ट्विटर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विमान की एक तस्वीर अपलोड की जिसे बाद में डिलीट कर दिया। यह तस्वीर प्रधानमंत्री के विमान की न होकर एक प्राइवेट ड्रीमलाइनर की है। दूसरी तरफ भाजपा ने भी कमल नाथ पर केंद्रित संगीत मय वीडियो अपने आधिकारिक ट्विटर पर साझा किया, जिसमें कमल नाथ के लिए अमर्यादित शब्द का इस्तेमाल किया गया है। 

prime article banner

पटवारी बोले-गलती समझ में आ गई, इसलिए हटाई पोस्ट

प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पीएम मोदी का विमान बताते हुए एक विमान की तस्वीर पोस्ट की थी। पटवारी ने इसके साथ ट्वीट करते हुए लिखा था, 'रेल बिक गई, चाय का क्या। अरे भाई। पीएम साहब चाय पृष्ठभूमि से आते हैं तो क्या हुआ, हम जब उन्हें ज्यादा सुविधाएं देंगे तभी तो वे भारत को विश्व गुर बनाएंगे। प्रधानमंत्री के विमान के अंदर के दर्शन।'

इस पोस्ट को लेकर 'नईदुनिया' से चर्चा में पटवारी ने कहा कि विमान का फोटो कई जगह प्रकाशित हुआ था और वहां से उन्होंने उसे शेयर किया था। जब गलती समझ आई तो उन्होंने तुरंत उसे हटा लिया। यह मेरी चूक थी। मामले में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि कांग्रेस और उसके नेता प्रधानमंत्री और भाजपा की छवि खराब करने के लिए लगातार दुष्प्रचार कर रहे हैं। अपने सहयोगी की इस हरकत पर पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। 

कमल नाथ के खिलाफ संगीतय मय वीडियो पोस्ट से बवाल

एक संगीतमय वीडियो में कमल नाथ को 'मक्कार' कहते हुए अमर्यादित संज्ञा दी गई है। इसके पहले भी भाजपा राहु-केतु और नाग जैसे संबोधन दे चुकी है। रविवार दोपहर मध्य प्रदेश भाजपा के आधिकारिक ट्विटर पर कमल नाथ को लक्ष्य करते हुए एक वीडियो पोस्ट किया गया। भाजपा ने इस ट्वीट पर अमर्यादित शब्द के साथ 'श्रीमान .. आदरणीय कमल नाथ को मध्य प्रदेश की जनता की ओर से एक छोटी-सी संगीतमय भेंट' लिखा है। इस वीडियो में गीत है-

'बता तेरे राज में कमल नाथ, क्यूं करी तूने मक्कारी। 

कर्जमाफी का तूने ढोंग रचाया, दस दिन में तूने बतलाया,

लगी है हाय, बता कमल नाथ क्यों करी तूने मक्कारी। ..आदि लाइनें हैं।

जनता की भावनाओं को साझा किया गया

मध्य प्रदेश भाजपा के मुख्‍य प्रवक्‍ता दीपक विजयवर्गीय ने कहा कि मध्य प्रदेश में 15 माह के शासन में कमल नाथ ने हर वर्ग का दिल दुखाया है। यह वीडियो भाजपा का नहीं बल्कि जनता की ओर से बनाया गया है। भाजपा ने जनता की भावनाओं को साझा किया है। भाजपा के नेता भाषा की मर्यादा समझते हैं। 

विकास पुरुष हैं कमल नाथ

मप्र कांग्रेस अध्यक्ष के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने कहा कि भाजपा डर्टी पॉलीटिक्स कर रही है। कमल नाथ जनता में बेहद लोकप्रिय नेता हैं और भाजपा उनकी छवि को खराब करने का प्रयास कर रही है। जनता सब जानती है कि कौन मक्कार है, किसने 15 साल मक्कारी की है। कमल नाथ विकास पुरुष हैं। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.