Move to Jagran APP

MP Politics: कांग्रेस के निशाने पर सिंधिया, भाजपा के हारे हुए प्रत्याशियों पर दांव लगाएगी कांग्रेस!

कांग्रेस के निशाने पर ज्योतिरादित्य सिंधिया हैं जिन्हें मात देने के लिए उपचुनाव में कांग्रेस उन भाजपा नेताओं पर दांव लगाना चाहती है जो 2018 के मप्र विस चुनाव में हारे थे।

By Sanjeev TiwariEdited By: Published: Wed, 06 May 2020 08:51 PM (IST)Updated: Thu, 07 May 2020 06:55 AM (IST)
MP Politics: कांग्रेस के निशाने पर सिंधिया, भाजपा के हारे हुए प्रत्याशियों पर दांव लगाएगी कांग्रेस!
MP Politics: कांग्रेस के निशाने पर सिंधिया, भाजपा के हारे हुए प्रत्याशियों पर दांव लगाएगी कांग्रेस!

धनंजय प्रताप सिंह, भोपाल। मध्य प्रदेश की पूर्ववर्ती कमल नाथ सरकार को गिराने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने जिस तरह के दांव-पेच अपनाएं, ठीक उसी तर्ज पर कांग्रेस राज्य विधानसभा की 24 सीटों के आगामी उपचुनाव में भाजपा को मात देना चाहती है। कांग्रेस के निशाने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया हैं, जिन्हें मात देने के लिए उपचुनाव में कांग्रेस उन भाजपा नेताओं पर दांव लगाना चाहती है जो 2018 के मप्र विस चुनाव में भाजपा के टिकट पर सिंधिया समर्थक तत्कालीन कांग्रेस नेताओं से विधानसभा चुनाव हारे थे। ऐसे नेताओं को टिकट देकर कांग्रेस 'कांटे से कांटा' निकालने की तैयारी कर रही है। इसके लिए कांग्रेस के अलग-अलग नेताओं को पिछले चुनाव में पराजित भाजपा नेताओं से बातचीत की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

loksabha election banner

ग्वालियर में भाजपा का बागी तलाश रहे

ग्वालियर सीट से 2018 के विधानसभा चुनाव में वरिष्ठ नेता जयभान सिंह पवैया भाजपा के टिकट पर कांग्रेस प्रत्याशी प्रद्युम्न सिंह तोमर से हार गए थे। अब 2020 में होने वाले उपचुनाव में पवैया को तोमर का साथ देना होगा। पवैया पर कार्यकर्ताओं का भी दबाव है, पर वे आरएसएस की विचारधारा से जुड़े होने के कारण बागी नहीं होंगे। सूत्रों का कहना है कि इस परिस्थिति को भांपकर कांग्रेस यहां भाजपा के ऐसे बागी की तलाश कर रही है, जिसे भाजपा का परंपरागत वोट भी मिल सके।

सांची में मुदित शेजवार पर डोरे

रायसेन जिले का अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित विधानसभा क्षेत्र सांची भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री गौरीशंकर शेजवार की परंपरागत सीट रही है। 2018 के चुनाव में डॉ. शेजवार ने अपने बेटे मुदित शेजवार को यहां से भाजपा का टिकट दिलवाया था। मुदित के खिलाफ कांग्रेस के टिकट पर डॉ. प्रभुराम चौधरी ने चुनाव लड़ा और जीता। अब चौधरी भाजपा के टिकट पर खड़े होंगे। जाहिर है, शेजवार आसानी से चौधरी का समर्थन नहीं करने वाले। कांग्रेस अब मुदित शेजवार पर डोरे डाल रही है।

दीपक जोशी हाटपिपल्या में चुनौती

पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के बेटे और पूर्व मंत्री दीपक जोशी की देवास जिले की हाटपिपल्या सीट भी उनके हाथों से खिसक रही है। जोशी को उनके विरोधी मनोज चौधरी ने कांग्रेस के टिकट पर 2018 में चुनाव हराया था। अब चौधरी विधानसभा से इस्तीफा देकर भाजपा के टिकट से चुनाव लड़ेंगे।

जज्जी की जाति को चुनौती

इधर अशोकनगर के पूर्व विधायक जजपाल सिंह जज्जी की जाति को लेकर चल रहे मामले में अब कांग्रेस इसे अदालत में चुनौती देगी। जज्जी पर अलग-अलग जातियों से अलग-अलग चुनाव लड़ने का आरोप है।

इन विस सीटों पर उपचुनाव

मध्य प्रदेश के दो विधायकों के निधन और कांग्रेस के 22 बागी विधायकों के इस्तीफे से रिक्त हुई विधानसभा की कुल 24 सीटों पर अब एक साथ उपचुनाव होंगे। प्रदेश के किसी भी विधानसभा के कार्यकाल में इतनी बड़ी तादाद में उपचुनाव नहीं हुए हैं। जिन सीटों पर उपचुनाव होना है, उनमें जौरा, आगर (अजा), ग्वालियर, डबरा (अजा), बमोरी, सुरखी, सांची (अजा), सांवेर (अजा), सुमावली, मुरैना, दिमनी, अंबाह (अजा), मेहगांव, गोहद (अजा), ग्वालियर (पूर्व), भांडेर (अजा), करैरा (अजा), पोहरी, अशोक नगर (अजा), मुंगावली, अनूपपुर (अजजा), हाटपिपल्या, बदनावर, सुवासरा शामिल हैं।

यह भी पढ़ेंः MP POlitics: सिंधिया का कांग्रेस पर हमला, वायरल तस्वीर पर दिग्विजय और उनके बेटे को दिया जवाब


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.