Move to Jagran APP

MP Political Crisis: कमलनाथ सरकार की मुश्किलें बढ़ी, कांग्रेस विधायक हरदीप सिंह डंग ने दिया इस्तीफा

मंदसौर विधानसभा सीट से कांग्रेस के विधायक हरदीप सिंह डंग ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। कमलनाथ सरकार के लिए यह खतरे की घंटी है।

By Sanjeev TiwariEdited By: Published: Thu, 05 Mar 2020 09:02 PM (IST)Updated: Fri, 06 Mar 2020 07:56 AM (IST)
MP Political Crisis: कमलनाथ सरकार की मुश्किलें बढ़ी, कांग्रेस विधायक हरदीप सिंह डंग ने दिया इस्तीफा
MP Political Crisis: कमलनाथ सरकार की मुश्किलें बढ़ी, कांग्रेस विधायक हरदीप सिंह डंग ने दिया इस्तीफा

भोपाल, राज्य ब्यूरो। मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार पर चार दिनों से छाए संकट के बादल छंटने का नाम नहीं ले रहे हैं। एक दिन पहले थोड़ी राहत मिलने के बाद गुरुवार को फिर सियासी संग्राम तेज हो गया। कांग्रेस के एक विधायक के इस्तीफा दे देने से कमलनाथ सरकार पर संकट फिर गहरा गया है।

loksabha election banner

उधर, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दिल्ली और भाजपा नेता अरविंद भदौरिया बेंगलुरु में मोर्चा संभाले हुए हैं। इस बीच निर्दलीय विधायकों के आक्रामक तेवर व कांग्रेस नेताओं को उनकी ओर से दी जा रही चेतावनी ने सरकार की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री कमलनाथ को डैमेज कंट्रोल के लिए खुद मैदान में उतरना पड़ा है। नाराज विधायकों को वे खुद मना रहे हैं। सियासी उलझन के बीच उन्होंने शुक्रवार को कैबिनेट की बैठक भी बुलाई है।

गौरतलब है कि कांग्रेस के दिग्गज नेता चार दिनों से आरोप लगा रहे हैं कि भाजपा उनके विधायकों की खरीद-फरोख्त कर सरकार गिराने की कोशिश में जुटी है। इसी कड़ी में कांग्रेस के साथ-साथ सपा-बसपा और निर्दलीय विधायकों को हरियाणा में मेवात के एक होटल में ले जाने की बात कही गई। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा विधायकों को करोड़ रुपये और मंत्री पद देने का प्रलोभन दे रही है। इसके बाद से सियासत गर्म है।

हॉर्स ट्रेडिंग को लेकर चल रहे घटनाक्रम के बीच बुधवार को चार बागी विधायकों को विशेष विमान से कांग्रेस दिल्ली से भोपाल ले गई थी, जबकि चार का पता नहीं चल सका था। इस बीच लापता विधायकों के बेंगलुरु में होने की चर्चाएं उड़ीं। बेंगलुरु भेजे गए कांग्रेस के तीन विधायक (बिसाहूलाल सिंह, रघुराज सिंह कंषाना और हरदीप सिंह डंग) और निर्दलीय विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा के गुरुवार को भोपाल तक पहुंचने की संभावना जताई गई थी, लेकिन वे लौटे तो नहीं बल्कि सुवासरा से कांग्रेस विधायक हरदीप सिंह डंग ने अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति और मुख्यमंत्री कमलनाथ को भेज दिया है।

इसके साथ ही कमलनाथ सरकार के भविष्य पर संकट और ज्यादा गहरा गया है। भदौरिया के प्रयास से इस्तीफासरकार पर बढ़े संकट के बाद एकबार फिर भाजपा पूरी तैयारी के साथ हमला बोल सकती है। इसी तैयारी के चलते पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पिछले चौबीस घंटे से दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं और भाजपा के कुशल प्रबंधक माने जाने वाले वरिष्ठ नेता अरविंद भदौरिया सियासी संग्राम का मोर्चा संभालने बेंगलुर पहुंच गए हैं। उनके प्रयासों के बाद ही विधायकों के इस्तीफे की शुरुआत हो गई है।

फिर गड़बड़ाया विधानसभा में गणित

-विस की प्रभावी सदस्य संख्या 228-डंग का इस्तीफा मंजूर होने पर 227

-कांग्रेस के पास बचेंगे 113

-227 सदस्यों वाले सदन में भाजपा अपने 107 और अन्य के समर्थन से 114 तक पहुंच सकती है।

-दो अन्य कांग्रेस विधायक अभी बेंगलुरु में हैं।

-कुछ और कांग्रेस विधायकों के भी इस्तीफे की संभावना।

-यदि और इस्तीफे हुए तो कांग्रेस सरकार अल्पमत में आ सकती है।

बसपा-सपा विधायकों ने कांग्रेस को दी चेतावनी

कांग्रेस जिन विधायकों की खरीद-फरोख्त किए जाने का आरोप भाजपा पर लगा रही थी, गुरुवार को उन्होंने कांग्रेस नेताओं और कैबिनेट मंत्री जीतू पटवारी व जयवर्धन सिंह को चेतावनी दे दी। उन्होंने कहा कि वे अपने नंबर बढ़ाने के लिए ऊटपटांग बयान न दें। बसपा विधायक संजीव सिंह कुशवाह ने कहा कि कांग्रेस के मंत्री सुधर जाएं वरना अगली बार रेस्क्यू का मौका भी नहीं मिलेगा। समाजवादी पार्टी के विधायक राजेश शुक्ला ने चेताया कि वे कमलनाथ सरकार को समर्थन दे रहे हैं, पर खरीद-फरोख्त का आरोप लगाया तो प्रमाण दो, वरना राज्यसभा चुनाव में हमें क्या फैसला लेना हैं, हम तय करेंगे। बसपा से निलंबित विधायक राम बाई ने कहा कि खरीद-फरोख्त का आरोप लगाने वालों से सवाल किया जाना चाहिए। साथ ही कहा कि कुछ राज को राज ही रहने दो।

डीजीपी सिंह को हटाकर जौहरी को कमान

कमलनाथ सरकार पर संकट का अंदाजा इससे भी लगाया जा सकता है कि राज्य सरकार ने पुलिस महानिदेशक वीके सिंह को हटाकर विवेक जौहरी को नया डीजीपी बना दिया है।

नियमानुसार कार्रवाई होगी

जब विधायक डंग सामने आकर इस्तीफा देंगे तभी उस पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभी मैं बस इतना ही कह सकता हूं।

-एनपी प्रजापति, विधानसभा अध्यक्ष

बिना चर्चा के कुछ नहीं कह सकता

डंग हमारी पार्टी के विधायक हैं। उनके इस्तीफा देने की खबर मिली है, लेकिन मुझे अभी तक उनका इस संबंध में ना तो कोई पत्र मिला है और ना ही उन्होंने मुझसे कोई चर्चा की है। जब तक मेरी उनसे इस संबंध में चर्चा नहीं हो जाती, तब तक इस बारे में कुछ भी कहना ठीक नहीं होगा।

-कमलनाथ, मुख्यमंत्री

भाजपा अध्यक्ष ने कहा- कांग्रेस के नेता खुद परेशान

हरदीप सिंह डांग के इस्तीफे पर मध्य प्रदेश भाजपा प्रमुख वीडी शर्मा ने कहा यह दर्शाता है कि कांग्रेस के वर्तमान राज्य सरकार में उनकी अपनी पार्टी के नेताओं को परेशान किया जा रहा है। यह भ्रष्ट कांग्रेस सरकार की दयनीय स्थिति को दर्शाता है जो जल्द ही समाप्त होने जा रही है।

नौ विधायक 'गायब' हुए थे, सिर्फ पांच ही लौटे

इससे पहले मंगलवार देर रात राजनीतिक ड्रामा उस वक्त शुरू हुआ, जब मध्य प्रदेश में कांग्रेस, बसपा और सपा के कुल नौ विधायक अचानक गायब हो गए। इनमें से पांच विधायकों को बुधवार देर रात भोपाल लाया गया। हालांकि, चार विधायकों की लोकेशन ट्रैक नहीं हो सकी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चार विधायक कांग्रेस के बिसाहूलाल, हरदीप सिंह डंग, रघुराज कंसाना और निर्दलीय सुरेंद्र सिंह शेरा की लोकेशन नहीं मिल रही थी। अब इसमें से हरदीप सिंह डंग ने इस्तीफा दे दिया है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.