MP By Elections 2020: भाजपा मध्य प्रदेश में जल्द कर देगी प्रत्याशियों के नाम घोषित
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस विधायकों के इस्तीफा देने की वजह से रिक्त हुई 25 सीटों पर पूर्व विधायकों को ही भाजपा प्रत्याशी बनाएगी। ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ 22 कांग्रेस के विधायक भाजपा में आए थे। तीन अन्य विधायकों ने बाद में इस्तीफा देकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी।
भोपाल, राज्य ब्यूरो। भारतीय जनता पार्टी मप्र की 28 विधानसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों के नामों की घोषणा एक-दो दिन में कर देगी। प्रदेश स्तर पर टिकट को लेकर चर्चा होने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को नई दिल्ली पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में हिस्सा लिया। समिति में बिहार के साथ-साथ मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्य, जहां उपचुनाव होने हैं, वहां के मामलों पर भी विचार किया गया। बताया जा रहा है कि 25 सीटों पर विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देकर भाजपा में आए नेताओं को ही चुनाव मैदान में उतारा जाएगा। आगर में मनोज ऊंटवाल, ब्यावरा में नारायण सिंह पंवार और जौरा में सूबेदार सिंह को चुनाव लड़ाया जाना संभावित है।
केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में शामिल हुए मुख्यमंत्री शिवराज
उधर, दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा और संगठन महामंत्री बीएल संतोष से भी मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस विधायकों के इस्तीफा देने की वजह से रिक्त हुई 25 सीटों पर पूर्व विधायकों को ही भाजपा प्रत्याशी बनाएगी। ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ 22 कांग्रेस के विधायक भाजपा में आए थे। तीन अन्य विधायकों ने बाद में इस्तीफा देकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। पार्टी नेता विभिन्न मंचों से इन सभी को फिर से चुनाव मैदान में उतारने की घोषणा कर चुके हैं। जहां-जहां पार्टी के भीतर असंतोष था, उसे भी संभाला जा चुका है।
25 सीटों पर कांग्रेस से आए नेता ही लड़ेंगे चुनाव
पिछले दिनों ही हाटपीपल्या से पूर्व विधायक दीपक जोशी के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी। बताया जा रहा है कि संगठन सभी नेताओं को यह स्पष्ट कर चुका है कि टिकट को लेकर बहुत अधिक मंथन की गुंजाइश नहीं है। यही वजह है कि अधिकांश जगह विरोध के स्वर भी थम चुके हैं। जौरा से पार्टी फिर सूबेदार सिंह और ब्यावरा विधानसभा सीट से नारायण सिंह पंवार पर दांव लगाने की तैयारी में है। आगर से मनोज ऊंटवाल को मैदान में उतारा जाएगा।