MP By Election 2020: कोरोना हारा-लोकतंत्र जीता, बंपर मतदान ने बढ़ाई दिग्गजों की धड़कन
MP By Election 2020 मध्य प्रदेश उपचुनाव के परिणाम मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ और दिग्विजय सिंह की सियासत का भविष्य भी तय करेंगे। मतगणना 10 नवंबर को की जाएगी।
भोपाल, राज्य ब्यूरो। मध्य प्रदेश में 28 विधानसभा क्षेत्रों की जनता ने कोरोना संक्रमण के डर को हराते हुए जमकर मतदान किया। सत्ता का भविष्य तय करने वाले इस उपचुनाव में 69.60 फीसद मतदाताओं ने मताधिकार का उपयोग किया। बंपर मतदान ने भाजपा और कांग्रेस के दिग्गजों की धड़कनें बढ़ा दी हैं क्योंकि इतने अधिक मतदान की उम्मीद दोनों ही नहीं कर रहे थे। 2018 के विधानसभा चुनाव में इन क्षेत्रों में 72.93 फीसद मतदान हुआ था। उपचुनाव के परिणाम मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया, पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ और दिग्विजय सिंह की सियासत का भविष्य भी तय करेंगे। मतगणना 10 नवंबर को होगी।
कांग्रेस ने सुमावली विधानसभा क्षेत्र में फर्जी मतदान का आरोप लगाते हुए 17 केंद्रों में पुनर्मतदान की मांग की है। अब इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) और वोटर वैयरीफायबल पेपर ऑडिट ट्रेल (VVPAT) को स्ट्रांग रूम में जमा किया जाएगा। सर्वाधिक मतदान आगर विधानसभा क्षेत्र में 83.75 फीसद और सबसे कम ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में 48.15 प्रतिशत हुआ। सुबह साढ़े पांच बजे सभी 9361 मतदान केंद्रों में मॉकपोल करने के बाद सात बजे से मतदान प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
मुरैना के सुमावली विधानसभा क्षेत्र के कुछ गांवों में तनाव बढ़ने और गोली चलने की घटनाओं के बीच मतदान ने गति पकड़ी। सुबह नौ बजे तक 11.57 फीसद मतदाताओं ने मताधिकार का उपयोग किया। पारा चढ़ने के साथ मतदाता भी घर से निकले और शाम छह बजे तक चले मतदान का प्रतिशत 69.60 हो गया। इसमें कुछ और वृद्धि हो सकती है।
सुमावली विधानसभा क्षेत्र में चली गोली मुरैना जिले की सुमावली विधानसभा में गोली चलने की घटनाएं हुई हैं। तीन जगह गोली चलने के साथ छिटपुट हिंसक वारदातें भिंड के मेहगांव और गोहद विधानसभा क्षेत्र में भी हुई हैं। अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अरण कुमार तोमर ने बताया कि सुमावली में एक जगह गोली चलने की सूचना मिली थी, जिस पर कलेक्टर से रिपोर्ट ली गई। गोली मतदान केंद्र से दूर चलने की बात सामने आई है। वहीं, मेहगांव विधानसभा में एक मतदान केंद्र में वोटिंग मशीन तोड़ी गई, जिसे बदलकर मतदान प्रारंभ कराया गया।
27301 मतदाता पहले कर चुके हैं मतदान
कोरोना संकट की वजह से 27301 मतदाता पहले ही मतदान कर चुके हैं। दरअसल, चुनाव आयोग ने पहली बार 80 वर्ष से अधिक आयु, निशक्तजन, कोरोना पॉजिटिव और संदिग्ध कोरोना मरीजों को डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान करने की सुविधा दी थी। इसके लिए 37456 डाक मतपत्र जारी किए गए थे। इनमें से 27301 मतदाताओं ने मतदान किया है।