देशभर में CAA को लेकर जागरूकता फैलाएगी मोदी सरकार, इन छह नेताओं को सौंपी गई जिम्मेदारी
भाजपा ने नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) पर जागरूकता फैलाने और लोगों तक पहुंचने की जिम्मेदारी छह नेताओं को सौंपी है।
नई दिल्ली, आइएएनएस। भाजपा ने नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) पर जागरूकता फैलाने और लोगों तक पहुंचने की जिम्मेदारी छह नेताओं को सौंपी है। सीएए को लेकर अल्पसंख्यकों के बीच सबसे ज्यादा अनिश्चितता वाले राज्यों उत्तर प्रदेश और बिहार की जिम्मेदारी अनिल जैन को दी गई है।
छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली में यह बागडोर अविनाश राय को सौंपी गई है। महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात, गोवा और दमन एवं दीव में लोगों तक पहुंचने की जिम्मेदारी सरोज पांडे को मिली है। सुरेश भट्ट हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़ एवं जम्मू-कश्मीर की जिम्मेदारी संभालेंगे। दक्षिण में पार्टी ने रविंद्र राजू को जिम्मेदारी सौंपी है।
कई राज्यों में कार्यक्रम होंगे आयोजित
वह तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, अंडमान, पुडुचेरी एवं लक्षद्वीप में संवाददाता सम्मेलनों, बैठकों एवं लोगों तक पहुंचने के लिए अन्य कार्यक्रमों की व्यवस्था करेंगे। पूर्वी क्षेत्र का जिम्मा बंगाल में भाजपा के पूर्व प्रमुख राहुल सिन्हा को दिया गया है। वह बंगाल, ओडिशा, झारखंड और पूर्वोत्तर के राज्यों में सीएए को लेकर लोगों को जागरूक करेंगे।
दमन एवं दीव, अंडमान और लक्षद्वीप जैसे छोटे केंद्रशासित प्रदेशों में जागरूकता अभियानों की तैयारी दिखाती है कि भाजपा देश के हर नागरिक को सीएए के प्रावधानों से संतुष्ट करने के प्रयास में है। इन छह नेताओं के अलावा पार्टी के विभिन्न सांसद और नेता भी देश के अलग-अलग हिस्सों में पहुंचकर लोगों को जागरूक करेंगे।
नागरिकता संशोधन कानून को लेकर कर्नाटक में जागरूकता फैलाएगी BJP
नागरिकता संशोधन कानून(सीएए) को लेकर देशभर में हो रहे प्रदर्शन को लेकर भाजपा एक से 15 जनवरी के बीच कर्नाटक में जागरूकता अभियान चलाएगी। इस कानून के प्रति लोगों में जागरुकता फैलाने के लिए भाजपा घर-घर जाएगी। इस दौरान वह 30 लाख लोगों से मिलेगा। इसके साथ ही पार्टी सोशल मीडिया के जरिए भी लोगों की कानून को लेकर भ्रांतियों को खत्म करने की कोशिश करेगी। इसके अलावा सभी जिला मुख्यालयों पर पार्टी रैली भी आयोजित करेगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।