मिजोरम में कांग्रेस को बड़ा झटका, गृह मंत्री ने सरकार से दिया इस्तीफा
मिजोरम में विधान सभा के चुनाव इस वर्ष दिसंबर में होने हैं।
आइजल, प्रेट्र। चुनावी राज्य मिजोरम में कांग्रेस को तगड़ा झटका लगा है। शुक्रवार को सूबे के गृह मंत्री आर लालजिरलियाना ने लाल थनहवला सरकार से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री लाल थनहवला की गैर मौजूदगी में अपना त्यागपत्र उनके प्रमुख सचिव को सौंप दिया। मिजोरम में विधान सभा के चुनाव इस वर्ष दिसंबर में होने हैं। इससे पहले प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष लालजिरलियाना के सरकार से त्यागपत्र देने की घटना को कांग्रेस के लिए करारा झटका माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने लालजिरलियाना के इस्तीफे की पुष्टि की है। उनका कहना है कि गृह मंत्री लालजिरलियाना अपने समर्थकों के साथ मुख्यमंत्री कार्यालय पहुंचे, लेकिन शहर से बाहर रहने के कारण सीएम लाल थनहवला से उनकी मुलाकात नहीं हो सकी। उन्होंने सीएम की अनुपस्थिति में अपना त्यागपत्र उनके प्रमुख सचिव को सौंप दिया।
सियासी गलियारे में चर्चा है कि लालजिरलियाना जल्द कांग्रेस पार्टी से भी किनारा कर लेंगे। उनके राजग में शामिल होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। ध्यान रहे कि मिजोरम प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहने का आरोप लगाते हुए 11 सितंबर को लालजिरलियाना को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसमें उन पर पार्टी कार्यकर्ताओं को गुमराह करने का आरोप भी लगाया गया है।